- Hindi News
- National
- देवगढ़ में पांच दिन में पानी की सप्लाई, एसडीएम ने कुंडेरी बांध पर देखी व्यवस्था, 48 घंटे में सप्लाई करने को कहा
देवगढ़ में पांच दिन में पानी की सप्लाई, एसडीएम ने कुंडेरी बांध पर देखी व्यवस्था, 48 घंटे में सप्लाई करने को कहा
नगर में पांच दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई हो रही है। इसे सुधारने के लिए मंगलवार सुबह एसडीएम काशीराम चौहान ने नगर के मुख्य पेयजल स्रोत कुंडेली बांध का निरीक्षण कर पीएचईडी के अधिकारियों को पानी की किल्लत दूर करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि इन दिनों देवगढ़ में 48 घंटे के बजाय 72 घंटों में पानी सप्लाई किया जा रहा है। पेयजल वितरण व्यवस्था गड़बड़ाने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। एसडीएम चौहान ने सुबह बांध पर जाकर एईएन केसरसिंह पंवार से कुंडेली बांध से जुड़े कुओं की जानकारी ली। बताया गया कि पानी सप्लाई के लिए यहां कम क्षमता की मोटर लगी हुई है। यहां ज्यादा क्षमता वाली मोटर लगाने को कहा। बताया गया कि देवगढ़ में 7 जोन हैं। ये 34 सेक्टर में बांट रखा है। एसडीएम ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में जहां पीने के पानी की समस्या आ रही है, वहां पर सोपरी बांध के बाहर के कुएं को काम में लेने को कहा। उन्होंने एईएन को कुओं से सीडब्लूआर में करीब 60 एचपी की मोटरों से पानी डालने को कहा। बुधवार से प्रत्येक जोन में 48 घंटे के अंतराल में पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तकनीकी समस्या के कारण किसी जोन में पानी की सप्लाई में समस्या आने पर उसी दिन शाम को संबंधित जोन में पानी सप्लाई करने को कहा।
पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने से लोग परेशान हो रहे हैं
समाजसेवी भैरूलाल कलाल ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि 12 अप्रैल से पहले नगर में जल व्यवस्था चरमराने पर बैठक में पीएचईडी के अधिकारियों ने 48 घंटे में पानी की सप्लाई का आश्वासन दिया था, लेकिन पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद एक महीने बाद भी पानी की सप्लाई व्यवस्था सुधर नहीं रही है। पत्र में उन्होंने कुओं को गहरा कराने की मांग की। बांध के पीछे पाल के पास तीनों कुओं में लगी मोटरों से ज्यादा क्षमता वाली मोटरें लगाने और कुओं को गहरा कराने की मांग की।
महिलाओं ने कलेक्टर को बताई थी समस्या
नगर पालिका क्षेत्र के वार्डों में कुछ दिनों से हो रही पानी की सप्लाई में अव्यवस्था को लेकर पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं पार्षद के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर आनंदी को ज्ञापन दिया था। कलेक्टर को बताया था कि देवगढ़ में करोड़ों रुपए खर्च कर पेयजल योजना बनाने के बावजूद शहरवासियों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। इस दौरान निर्दलीय पार्षद लीला वैष्णव, पार्षद रेखा कलवाड़िया , प्रभा कंवर, कल्पना गुर्जर आदि मौजूद थे।