भास्कर संवाददाता . देवरीकलां
पुलिस ने समनापुर के पास युवक की हत्या कर शव नाली में पत्थरों से ढंककर रखने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने विवाद के बाद उसकी कार में पेंचकस से हमला हत्या कर दी थी। शव समनापुर में नाली में पत्थरों से ढंककर भाग गए थे। आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
थाना प्रभारी गिरीश धुर्वे ने बताया कि 12 मई 2018 को रहली के खैराना गांव निवासी धर्मेंद्र पिता हरकाम सिंह दांगी अपने सुरखी थाने के हपसिली गांव निवासी अपने दोस्त हल्के आदिवासी की बारात में शामिल होने के लिए गया था। वहां शामिल होकर वह केसली के बेड़ार गांव आया था। 14 मई को समनापुर के पास नाली में पत्थरों से ढकी लाश मिली। पुलिस ने शिनाख्त धर्मेंद्र दांगी के रूप में की। जांच के दौरान मृतक के परिवार एवं शादी से संबंधित लड़की और लड़के से पूछताछ की। पूछताछ में हत्याकांड में शामिल सुरखी के हपसिली निवासी आरोपी दिनेश विश्वकर्मा, दीपेश विश्वकर्मा, अमित दांगी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार क्रमांक एमपी 09 सीजी 4456 भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शादी समारोह से लौटते वक्त कार में उनका धर्मेंद्र से विवाद हो गया था। इसी दौरान आरोपियों ने पेचकस से उसकी हत्या कर समनापुर के पास एक नाले में शव फेंक दिया और पत्थरों से ढंक दिया। हत्याकांड में दो और आरोपी शामिल हैं जो फरार हैं।