ट्रांसफार्मर का तला काटकर ऑइल की हो रही चोरी, कंपनी के अफसर ने थाने में लिखाई रिपोर्ट
धमधा|धमधा क्षेत्र के आसपास के गांवों में लगातार ट्रांसफार्मर से ऑइल की चोरी हो रही है, जिससे छग राज्य विद्युत मंडल कंपनी मर्यादित को लाखों रुपए राजस्व की हानि हो रही है। इसकी रिपोर्ट विभागीय अफसरों ने धमधा थाने में दर्ज कराई है। कर्मचारियों को लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं। विद्युत मंडल के कनिष्ठ अभियंता दुजेंद्र गजपाल ने बताया कि ज्यादातर ट्रांसफार्मर सड़क किनारे लगे हुए हैं। उन्हीं से ही ऑइल चोरी हो रही है। चोरों द्वारा ट्रांसफार्मर की आइल को चोरी करने के लिए छोटे ट्रांसफार्मर को गिरा दिया जाता है और बड़े ट्रांसफार्मर की बॉडी को नीचे से काटकर आइल निकाल लेते हैं। आइल खाली होने पर ट्रांसफार्मर का क्वायल पूरी तरह से जल जाता है। और आसपास की बिजली गुल हो जाती है। इससे नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा। अलग-अलग ट्रांसफार्मर में 60 से 180 लीटर तक आइल रहता है, जिसकी कीमत 3000 से 9000 तक रहती है। इससे पूरा ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है। इस वजह से कंपनी को 40 हजार से लेकर 1 लाख 13 हजार रुपए तक का नुकसान उठाना पड़ रहा। गजपाल ने बताया कि 28 फरवरी को देवरी और गोरपा में 16 केवीए के2 ट्रांसफार्मर, 4 व 25 मार्च को कोंनका व पेंड्री कु में 16 केवीए के दो ट्रांसफार्मर्र, 25 अप्रैल को सिरना भाटा में दो ट्रांसफार्मर से ऑइल चोरी हुआ।