सेन समाज ने निकाली शोभायात्रा, प्रतिभाओं को किया सम्मानित
धामनोद. सेन समाज ने नगर में जुलूस निकाला।
धामनोद | संत शिरोमणि सेनजी महाराज की 718 वीं जयंती के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय सेन समाज संगठन धामनोद ने सोमवार को शोभायात्रा निकाली। शोभा यात्रा बालाजी मंदिर पुराना बस स्टैंड से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्ग से गुजरती हुई अलबेला हनुमान मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। संगठन द्वारा सेन समाज के होनहार एवं प्रतिभाशाली बच्चों को परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने पर उन्हें शील्ड देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि नगर परिषद धामनोद के अध्यक्ष दिनेश शर्मा व विशिष्ट अतिथि नगर परिषद धामनोद उपाध्यक्ष विष्णु कर्मा थे। सेन समाज संगठन के अध्यक्ष आशीष सेन ने अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया। अपने उद्बोधन में अतिथियों ने सेन समाज के कुशल मंगल एवं कल्याण की कामना करते हुए समय-समय पर यथासंभव सहयोग प्रदान करने की बात कही। आयोजन में नगर ही नहीं अपितु क्षेत्र के समाजजन शामिल हुए। समूचे कार्यक्रम का चुटीला एवं रोचक संचालन स्वामी सेन ने किया। आभार समाज के उपाध्यक्ष डॉ. पवन सेन ने किया। जानकारी संजय सेन ने दी।