- Hindi News
- National
- छात्रों ने थ्रीडी प्रिंटिंग मशीन से मोदी रमन का फोटो लगा लैंप तैयार किया
छात्रों ने थ्रीडी प्रिंटिंग मशीन से मोदी रमन का फोटो लगा लैंप तैयार किया
नीति आयोग ने शहर के शिवसिंह वर्मा आदर्श शासकीय उमावि में अटल टिकरिंग लैब का शुभारंभ शनिवार को किया। यहां 6वीं से 12वीं तक के बच्चों को वैज्ञानिक सोच एवं टेक्नालॉजी पर आधारित विभिन्न सामग्री उपलब्ध कराई गई है। बच्चे अपनी सोच और शिक्षकों की मदद से कई आकर्षक वस्तुओं का निर्माण भी करने लगे हैं। छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छग के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, शिक्षा मंत्री केदार कश्यप, भगवान गणेश की फोटो प्रिंट कर थ्रीडी लैंप बनाया है। इसी तरह आर्ट एंड क्राफ्ट अंतर्गत क्राफ्ट बैलून लैंप, फ्लावर पाॅट, थ्रीडी मोमेंटो के अलावा एफिल टॉवर, वाइट हाउस भी बनाए हैं।
शुभारंभ अवसर पर अतिथियों सहित अन्य स्कूलों से आए बच्चों को यहां के शिक्षकों व छात्राओं ने थ्रीडी प्रिंटिंग मशीन से वस्तुएं बनाना और आर्ट एंड क्राफ्ट की कई तकनीक से अवगत कराया। इस अवसर पर शाला विकास समिति अध्यक्ष पार्वती वाधवानी, विधायक प्रतिनिधि ईश्वरी पटवा, सदस्य कुलेश सोनी, प्राचार्य बी मैथ्यु आदि उपस्थित थे।
रोज 6 घंटे लगती है क्लास : प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि लैब की प्रभारी विजय लक्ष्मी सिंह, आरके साहू, अंकिता मार्टिन के मार्गदर्शन में बच्चों को विभिन्न प्रैक्टिकल सिखाए जा रहे हैं। रोज सुबह 8 से 2 बजे तक क्लास लग रही है। लैब में सेंसर आइटम, ड्रोन, ह्यूमीडिटी, रोबोटिक्स आदि उपलब्ध है। रोजाना प्रैक्टिकल से इनकी कार्यविधि बताई जाती है।
धमतरी. शिवसिंह वर्मा उमावि में अपने द्वारा बनाई थ्रीडी फोटो प्रिंट लैम्प के साथ छात्राएं, शिक्षिका व प्राचार्य।
बच्चों ने कहा-वैज्ञानिक सोच बढ़ाने आएंगे लैब
स्कूल में एटीएल कम्यूनिटी डे का आयोजन किया गया। इस दौरान शिवसिंह वर्मा उमावि के 45 बच्चों सहित केंद्रीय विद्यालय, म्युनिसिपल स्कूल, नूतन इंग्लिश स्कूल, नूतन उमावि, डीपीएस, मेनोनाइट इंग्लिश स्कूल, सेंट जेवियर्स, शासकीय उमावि रुद्री, शोभाराम देवांगन उमावि, गोकुलपुर उमावि, बठेना उमावि के बच्चे पहुंचे थे। छात्रों ने बताया कि शासकीय स्कूल के टिकरिंग लैब में नई तकनीक से वैज्ञानिक सोच बढ़ाने की तकनीक सीखने जल्द टिकरिंग लैब आएंगे।