बाबा साहब अंबेडकर ने सामाजिक समरसता का दिया उपहार: चंदूलाल
देश में व्याप्त सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर आधुनिक समाज को नई दिशा प्रदान करने वाले बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने सामाजिक समरसता और स्वस्थ परिवर्तन का उपहार देशवासियों को दिया। सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समाजों को आगे की पंक्ति में खड़ा करने वाले संविधान निर्माता ने सर्वहारा वर्ग को न्याय दिलाया। यह बातें सांसद चंदूलाल साहू ने शनिवार को ग्राम स्वराज अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित सामाजिक न्याय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से कही।
विंध्यवासिनी वार्ड के सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में सांसद चंदूलाल ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव के कार्यों काे याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को स्वस्थ और मजबूत लोकतंत्र देकर विकास का मार्ग प्रशस्त किया। देश का प्रत्येक समाज उनका सदैव ऋणी रहेगा। जनपद पंचायत अध्यक्ष रंजना साहू ने बाबा साहेब को समता स्थापित करने और पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने वाला पुरोधा बताया।
आधुनिक समाज के जनक हैं डॉ. अंबेडकर
विधायक श्रवण मरकाम ने डॉ. अंबेडकर को आधुनिक व विकसित समाज का जनक बताते हुए उनके बताए मार्गों का अनुशरण करने का आव्हान लोगों से किया। जिपं अध्यक्ष रघुनंदन साहू ने कहा कि डॉ. साहब ने जात-पात, ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर ऐसे समाज की परिकल्पना की, जिसमें सामाजिक समरसता हो। महापौर अर्चना चौबे ने डॉ. अंबेडकर को अस्पृश्यता के कलंक को समाप्त करने वाला उद्धारक बताया। नि:शक्तजन आयोग की अध्यक्ष सरला जैन ने डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
10 दंपतियों को मिले 50-50 हजार के चेक
इस मौके पर कलेक्टर डॉ. सीआर प्रसन्ना ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए ग्राम स्वराज अभियान के तहत होने वाले आयोजनों की जानकारी दी। कार्यक्रम में अतिथियों ने अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 10 दंपतियों को 50-50 हजार रुपए के चेक और 17 छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाणपत्र वितरित किए। कार्यक्रम में विधायक गुरूमुख सिंह होरा, रामू रोहरा, सुशीला तिवारी, निर्मल बरड़िया, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास बीआर बंजारे समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।
धमतरी. जाति प्रमाणपत्र वितरित करते सांसद व अन्य अतिथि।