- Hindi News
- National
- चक्रवात का असर खत्म होते ही चुभने लगी धूप, एक दिन में बढ़ा 3 डिग्री तापमान
चक्रवात का असर खत्म होते ही चुभने लगी धूप, एक दिन में बढ़ा 3 डिग्री तापमान
दक्षिण क्षेत्र के ऊपरी हिस्से में बने चक्रवात का असर खत्म होते ही अचानक तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो गई। मंगलवार को तीखी धूप ने सुबह 10 बजे से ही लोगों को परेशान कर दिया। 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री था, जो 17 अप्रैल को बढ़कर सीधे 39 डिग्री पहुंच गया।
हफ्तेभर से शहर समेत जिले में अचानक बारिश और आंधी-तूफान का दौर चलने से अप्रैल में लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हो रहा था, पर दक्षिण क्षेत्र के ऊपरी हिस्से में बने चक्रवात का असर खत्म होते ही अचानक तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई।
जिले में इस साल अब तक का सबसे गर्म दिन मंगलवार को दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा। सुबह 10 बजते ही धूप झुलसाने लगी। सड़क पर चलने वाले लोग टोपी, चश्मा, गमछा और सिर पर कपड़ा बांधकर घर से निकले। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई है।
सिस्टम अब कमजोर हो गया : लालपुर रायपुर के मौसम वैज्ञानिक वीके लुरे ने बताया कि मध्यप्रदेश के आसपास बना सिस्टम अब कमजोर हो गया है। हालांकि इसके असर से थोड़ी-बहुत नमी 18 अप्रैल तक रहेगी। अब भी हवा में 35 फीसदी से ज्यादा नमी है।
इस वजह से दोपहर के बाद स्थानीय तौर पर कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसी से बौछारें संभव हैं। 19 अप्रैल से दोपहर में गर्मी बढ़ने की संभावना है। यह स्थिति बस्तर के कुछ हिस्से को छोड़कर पूरे प्रदेश में रहने वाली है।
धमतरी. मंगलवार को अचानक धूप तेज होने से लोग छतरी का सहारा लेते नजर आए।
16 अप्रैल को धमतरी में 3.1 मिमी बारिश
जिले में बीते 14 से 16 अप्रैल तक बारिश का दौर चला। 14 अप्रैल को धमतरी ब्लाक में 6.2 मिमी, नगरी में 8 मिमी, कुरूद में 2 मिमी बारिश हुई। 15 अप्रैल को धमतरी में 7.1 मिमी, नगरी में 10 मिमी, कुरुद में 8 मिमी, मगरलोड में 2.2 मिमी व 16 अप्रैल को धमतरी ब्लाक में 3.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुरूद, नगरी और मगरलोड सूखे रहे।