जलसंकट से निपटने शहर को मिले 28 करोड़ रुपए, होगा पाइपलाइन का विस्तार
शहर में जलसंकट जैसी स्थिति पूरी तरह से दूर हो जाएगी। वर्तमान में कुछ वार्डों में पानी का फोर्स कम रहने, कुछ वार्डों में पाइप लाइन विस्तार नहीं हो पाने की शिकायत थी। निगम ने इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन से राशि की मांग की थी। अनिवार्य आवश्यकता को देखते हुए शासन ने 28.10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।
वित्तीय स्वीकृति मई में मिलने की उम्मीद है। शासन स्तर पर शहर में जल सुविधा बढ़ाने को लेकर पखवाड़ेभर पूर्व रायपुर से टीम पहुंची थी। टीम ने सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। पाइप लाइन विस्तार से लेकर गली-गली में पानी पहुंचाने के लिए सर्वे किया गया। अधिकारी रिपोर्ट लेकर चले गए हैं। फाइनल सर्वे के लिए टीम अगले सप्ताह धमतरी पहुंचेगी।
अगले महीने से काम शुरू करने की तैयारी : महापौर अर्चना चौबे ने कहा कि शहर के कुछ वार्डों की गलियों में पाइप लाइन नहीं बिछी थी, यह काम लगभग पूरा हो गया है। शहर में पर्याप्त जल आपूर्ति के लिए अतिरिक्त टंकी और प्लांट की क्षमता बढ़ाना जरूरी था। इसके लिए शासन से राशि की मांग की गई थी। वित्तीय स्वीकृति अगले महीने मिलने की पूरी उम्मीद है। स्वीकृति आते ही तत्काल टेंडर के बाद काम शुरू कराएंगे।
इन वार्डों में है पानी की ज्यादा शिकायत
शासन से मिलने वाली राशि से कई काम होंगे। वर्तमान में जालमपुर, नवागांव, श्रद्धानगर, अंबेडकर वार्ड, लाल बगीचा, ब्राम्हणपारा, मकेश्वर वार्ड में पानी का फोर्स कम होने की शिकायत है। इन स्थानों के आसपास ओवरहेड टंकी का निर्माण होगा, ताकि सुबह-शाम नल में पानी का भरपूर फोर्स रहे। इसके अलावा नहर किनारे स्थित निगम के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की वर्तमान क्षमता 14.7 एमएलडी को बढ़ाकर 23.7 एमएलडी किया जाएगा, ताकि वार्डों में जल आपूर्ति पर्याप्त हो सके। समस्याग्रस्त वार्डों के लिए यह बड़ी राहत होगी, क्योंकि पिछले 2-3 वर्षों से खासकर गर्मी के समय लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ता है।
4 नई टंकियां बनेंगी
जल विभाग की प्रभारी सदस्य दमयंतीन गजेन्द्र ने कहा कि शासन से जल सुविधा विस्तार के लिए 28.10 कराेड़ मिलना है। इस राशि से चिन्हांकित महिमासागर, नवागांव, जालमपुर व लालबगीचा क्षेत्र में नई टंकियों का निर्माण होना है। टंकियों की क्षमता 10 से 14 लाख लीटर होगी। नई टंकी बनने के बाद टंकियों की संख्या भी पर्याप्त हो जाएगी।
समस्या वाले वार्डों को बड़ी राहत
शहर के जालमपुर, लालबगीचा, दानीटोला, नवागांव सहित कई वार्डों में आए दिन पानी समस्या को लेकर पानी टैंकर पहुंचता है। कई संकरी गलियों में पाइप लाइन नहीं बिछी है। कुछ वार्डों में यह काम पूरा भी कर लिया गया है। निगम की तैयारी पहले से ही थी, लेकिन राशि के अभाव में आगे का काम रूका पड़ा था। अब शासन से राशि मिलते ही समस्याग्रस्त वार्ड के लोगों को राहत मिलेगी।
धमतरी. दानीटोला वार्ड में पानी के कम फोर्स के कारण एक गुंडी भरने में 10 से 15 मिनट समय लग रहा।
अभी 17500 नल कनेक्शन
वर्तमान में 61.5 लाख लीटर क्षमता के 9 ओवरहेड टैंक
निगम ने बांटे 17500 नल कनेक्शन
30 बोर से पेयजल पाईप में पानी सप्लाई
4 टंकी और बनने के बाद क्षमता 113 लाख लीटर हो जाएगी।
प्लांट की वर्तमान क्षमता 14.7 एमएलडी, इसे बढ़ाकर 23.7 एमएलडी करना है।
(1 एमएलडी यानी 10 लाख लीटर)
प्रति व्यक्ति 80 लीटर जल आपूर्ति कर रहा निगम
नगर निगम क्षेत्र की आबादी 1.21 लाख है। वर्तमान में निगम प्रति व्यक्ति 80 लीटर के हिसाब से जल आपूर्ति कर रहा है। गर्मी में कूलर सहित अतिरिक्त पानी लग रहा है। ऐसे में निगम के पानी पर आश्रित लोगों को समस्या हो रही है।