आग से झुलसी महिला की अस्पताल में मौत
धमतरी | आग की चपेट में आने से झुलसी महिला की उपचार के दौरान मसीही अस्पताल में मौत हो गई। पीवी 93 बांदे निवासी रेखा (55) पति सुसेन विश्वास लकवा से पीड़ित थी। 16 अप्रैल की रात बिजली गुल होने पर उसने चिमनी जलाया। इसी चिमनी की चपेट में आने से वह झुलस गई। उसे परिजनों ने गंभीर हालत में उपचार के लिए मसीही अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया। यहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
25 मई तक जमा होगी फीस
धमतरी | जिला अधिवक्ता संघ की बैठक 23 अप्रैल को दोपहर 2 बजे सिविल कोर्ट अधिवक्ता कक्ष क्रमांक 3 में रखी गई है। संघ के जिलाध्यक्ष राकेश दीवान ने कहा कि 25 अप्रैल तक जिला अधिवक्ता संघ के सभी सदस्य मासिक फीस जमा कर रसीद प्राप्त कर लें। फीस सचिव दानीराम साहू के पास जमा होगी। बैठक में आगामी चुनाव पर चर्चा की जाएगी।
ग्रामीणों से संपर्क कर कांग्रेस से जोड़ेंगे कार्यकर्ता
धमतरी | मछुआ कांग्रेस की जिला ईकाई की बैठक विधायक कार्यालय में हुई, जिसमें ब्लाॅक कार्यकारिणी के गठन व पदाधिकारियों की नियुक्ति के पर चर्चा की गई। बैठक में बूथ स्तर पर ग्रामीणों से संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का निर्णय भी लिया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सेवकराम तारक, संतोष हिरवानी, भगवान दीनदयाल मत्स्यपाल, कृष्णा निषाद सहित सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
आंगनबाड़ी में भर्ती के लिए आवेदन 30 तक
धमतरी | एकीकृत बाल विकास परियोजना धमतरी (शहरी) के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त कार्यकर्ता और सहायिका के 10 पदों पर भर्ती के लिए 30 अप्रैल तक आवेदन मंगाए गए हैं। इसके लिए आवेदिका की आयु 18 से 44 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन पत्र कलेक्टोरेट के पीछे स्थित एकीकृत बाल विकास परियोजना धमतरी (शहरी) के कार्यालय से निशुल्क प्राप्त कर नियत तिथि तक जमा कर सकते हैं।