धमतरी| पूर्व केन्द्रीय मंत्री व अब कांग्रेस नेता अरविंद नेताम शनिवार को कुछ देर के लिए र|ाबांधा रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस पहुंचे। पत्थलगड़ी के मामले में उन्होंने कहा कि यह आदिवासी परंपरा रही है, लेकिन सरकार इसे मुद्दा बना रही है। पेसा कानून में जो कार्य होते हैं, उसे उल्लेखित करते हैं। पत्थलगड़ी को लेकर धर्मांतरण और नक्सलियों की संलिप्तता के आरोप लग रहे हैं, जो गलत है। अपने अधिकारों को पत्थर पर लिखना देशद्रोह नहीं है। अब आदिवासी समाज अधिकारों के प्रति जागरूक हो गया है। यह प्रयास आगे रंग लाएगा।
नगर आगमन पर शनिवार को अरविंद नेताम रेस्ट हाऊस में चर्चा करते हुए।
6 महीने बाद पता चलेगा विकास: मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की विकास यात्रा को ढकोसला बताते हुए श्री नेताम ने कहा कि इसका भाजपा को काेई लाभ नहीं मिलेगा। 6 महीने बाद चुनाव है, जिसके परिणाम से पता चल जाएगा भाजपा का विकास कितना हुआ है।
नहीं लडूंगा चुनाव : एक सवाल के जवाब में अरविंद नेताम ने कहा कि कांग्रेस में वापसी के बाद स्वयं चुनाव नहीं लड़ेंगे और न ही उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ने सामने आएगा। आदिवासी क्षेत्र में नेतृत्व परिवार पर आश्रित रहता है।
राजनीति में दल बदल कोई नई बात नहीं
इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के लोग स्वाभिमान के लिए लड़ते हैं। भावना को ठेस पहुंची थी, इसलिए राजनीति से दूर हो गए थे। राजनीति में दलबदल नई बात नहीं हैं, लेकिन कुछ पाने के लिए मैंने कभी दल नहीं बदला। 6 साल बाद फिर से राहुल गांधी के समक्ष कांग्रेस में वापसी हुई है। चर्चा के दौरान लेखराम साहू, हर्षद मेहता, मोहन लालवानी, विजय देवांगन, मदनमोहन खंडेलवाल, हरमिंदर छाबड़ा आदि भी मौजूद थे।