पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दाते अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, कहा रेलवे आर्बिटेशन का ट्रिब्यूनल लाना प्राथमिकता

दाते अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, कहा- रेलवे आर्बिटेशन का ट्रिब्यूनल लाना प्राथमिकता

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वरिष्ठ अधिवक्ता रवि मनोहर दाते ने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है। बुधवार को हुए जिला अधिवक्ता संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहित देवांगन को 17 मतों से हराया। उन्हें 97 मत मिले और मोहित देवांगन को 80। मुकाबला त्रिकोणीय और इसीलिए काफी संघर्षपूर्ण भी था। तीसरे प्रत्याशी अजीत साहू को भी 43 मत मिले। उपाध्यक्ष (पुरूष) पद पर सचिन जाचक ने 61 मतों के बड़े अंतर से अनादि तिवारी को हराया। वही उपाध्यक्ष ( महिला ) के दूसरे पद के लिए जानकी तिवारी निर्विरोध चुनी गईं। नव निर्वाचित अध्यक्ष दाते की प्राथमिकता धमतरी में आर्बिट्रेशन ट्रिब्यूनल और रेलवे ट्रिब्यूनल लाना है।

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर न्यायालय परिसर में पखवाड़ेभर से सरगर्मी थी। अंतिम दौर में अध्यक्ष पद के लिए रविमनोहर दाते, अजीत साहू और माेहित देवांगन मैदान में उतरे। प्रत्याशी अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। मतदान सुबह 11 से दोपहर करीब 3 बजे तक हुआ। चुनाव का फैसला शाम करीब 5.30 बजे आया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रविशंकर अवस्थी थे।

ये हुए निर्विरोध विजयी

जिला अधिवक्ता संघ के अधिकांश पद पर निर्विरोध चयन हुआ है। इसमें महिला उपाध्यक्ष जानकी तिवारी, सचिव धनंजय तिवारी, सहसचिव देवीलाल साहू, कोषाध्यक्ष कामतानाथ सिन्हा, क्रीड़ा सचिव नंदकुमार सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य संजय शुक्ला, सलीम अंसारी, यदुनंदन सिन्हा व महिला कार्यकारिणी सदस्य सविता अग्रवाल चुने गए हैं।

मतगणना के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष रवि मनोहर दाते के समर्थकों ने फूल माला पहनाकर उन्हें बधाई दी और खुशियां बांटी।

रोजगार मिले और परेशानी दूर हो इसलिए ट्रिब्यूनल जरूरी

अध्यक्ष दाते कहते हैं कि रेलवे ट्रिब्यूनल और आर्बिटेशन (मध्यस्थता) ट्रिब्यूनल इसलिए जरूरी हो गया है क्योंकि लिंक कोर्ट जब से कुरूद में शुरू हुआ है, यहां वकीलों के पास काम कम हो गया है। ट्रिब्यूनल आएगा तो काम भी मिलेगा। सभी वकील ट्रिब्यूनल का काम करेंगे। इसके साथ ही वकीलों और मुवक्किलों को ट्रिब्यूनल में केस लड़ने के लिए भोपाल और जबलपुर नहीं जाना पड़ेगा। प्रदेश में और भी बड़े शहर हैं फिर भी धमतरी में ट्रिब्यूनल के सवाल पर वे कहते हैं कि जो लोग इसके लिए पहले करेंगे उन्हें इसका फायदा भी मिलेगा। हम इसके लिए पहल कर रहे हैं। मेरी जानकारी के अनुसार अभी तक किसी भी जिले मे इसके लिए मांग नहीं की गई है जबकि ये जरूरी था। छत्तीसगढ़ में इन दोनों ट्रिब्यूनल की स्थापना हो जानी थी।

पिता और दादा भी थे अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष

नव निर्वाचित अध्यक्ष दाते न केवल खानदानी वकील हैं बल्कि उनका अधिवक्ता संघ से जुड़ाव और जिम्मेदारी उठाने की प्रवृत्ति भी खानदानी है। उनके पिता एनके दाते भी 1980 से दस साल तक अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रहे। दादा कृष्ण नारायण दाते भी अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष थे।

5 वोट डाक से पड़े

कुल पंजीकृत सदस्य 393

मतदाता के रूप में चिन्हित 350

मतदान के पात्र कुल 242

मताधिकार प्रयोग करने वाले 221

सीधे मतदान करने वाले 216

डाक से मतदान करने वाले 05

मताधिकार का प्रयोग नहीं करने वाले 21

रवि मनोहर दाते को वोट मिले 97

मोहित साहू को वोट मिले 80

अजीत साहू को वोट मिले 43

सचिन जाचक को वोट मिले 131

अनादि तिवारी को वोट मिले 70

प्रदेश में भी मिले भत्ता और सहायता राशि

मध्य प्रदेश में नए वकीलों को हर माह 15 हजार भत्ता मिलता है। इसके अलावा वकील की मृत्यु के बाद परिजनों को 5 लाख की सहायता राशि दी जाती है। उनकी प्राथमिकता में दोनों योजना छत्तीसगढ़ में भी लागू करवाना है।

खबरें और भी हैं...