बीती रात गोलबाजार में एक ही रात में तीन दुकानों का ताला टूट गया। चोरों ने तीनों दुकानों से चोरी की। हालांकि चोरी छोटी थी लेकिन अति व्यस्त और देर रात तक आवाजाही वाले गोलबाजार में एक ही रात में तीन दुकानों के ताले टूटने से व्यवसायी सकते में हैं, पुलिस भी परेशान है।
गोल बाजार में रात में पुलिस गश्त करती है। शहर में चोरी की ऐसी वारदात पहली बार हुई है। इसके पहले इससे बड़ी चोरियां हो चुकी हैं लेकिन अलग-अलग जगहों पर। इस वारदात से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। वारदात घने रिहायशी और बाजार के इलाके में हुई है जहां रात में पुलिस की गश्त रहती है। सिटी कोतवाली भी महज एक किमी दूर है।
पुलिस के अनुसार चोरी गोलबाजार के भारत वस्त्रालय, सुनील कुमार किराना स्टोर्स, गुरुनानक किराना स्टोर्स में हुई। इसका पता दुकानदारों को तब चला जब वे सुबह दुकान पहुंचे तो दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ मिला। एक साथ तीन दुकानों के ताले टूटने से मार्केट में खलबली मच गई। भारत वस्त्रालय से चोर गल्ले में रखे चिल्हर और जींस और शर्ट का बंडल ले गए। सुनील किराना स्टोर्स से काजू बादाम किसमिस और चिल्हर ले गए। चोर गुरुनानक किराना दुकान का केवल बाहरी ताला तोड़ पाए। सेंट्रल लॉक नहीं खोल पाए, इसलिए यहां चोरी नहीं हुई।
सीसीटीवी कैमरा, पर रात में रहता है बंद
भारत वस्त्रालय में सीसीटीवी कैमरे तो हैं लेकिन रात में बंद रहते हैं क्योंकि दुकानदार रात में शार्ट सर्किट के डर से बिजली सप्लाई बंद करके जाता है। आसपास की किसी दुकान में सीसीटीवी कैमरे हैं, किसी में नहीं। किसी दुकान में गली की तरफ सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं।
एक ही गिरोह का हो सकता है काम
पुलिस को संदेह है कि बीती रात की चोरी उसी गिरोह ने की है जिसने गोल बाजार एक रात पहले की थी। एक रात पहले भारत वस्त्रालय के पास गौतम पटेल के सब्जी पसरा के बक्से का ताला अज्ञात चोरों ने तोड़कर चिल्हर चुरा ली।
रात में लोगों को रखना पड़ता है चौकीदार
जिला मुख्यालय के भीतर और आउटर में 35 से ज्यादा कालोनियां हैं। इन कॉलोनियों में लोगों ने अपने खर्चे पर चौकीदारों को रखा है, जो रात में गश्त करते हैं। पुलिस मुख्य मार्ग पर गश्त कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर लेती है।
पहले हुई चोरियों का भी खुलासा नहीं
2017 में कोतवाली से महज 700 मीटर दूर एकता नगर निवासी प्रधान आरक्षक संजय लांजे और शिक्षक कौशल के घर से करीब 5 लाख की चोरी हुई थी, जिसका अब तक पुलिस सुराग तक ढूंढ नहीं पाई है। पखवाड़ेभर पूर्व साेरिद स्थित काली मंदिर के पीछे आबकारी अफसर के घर से रानी हार समेत 3 लाख की चोरी हुई, इसका भी अब तक पुलिस सबूत इक्कठा नहीं कर पाई है।
स्थानीय बदमाशों पर संदेह जल्द पकड़े जाएंगे
कोतवाली टीआई राकेश मिश्रा ने बताया कि गोलबाजार क्षेत्र में एक ही रात 3 दुकानों के ताले टूटे हैं। इस घटना में स्थानीय बदमाशों पर ज्यादा संदेह है। वारदात देखकर लग रहा कि घटना स्थल के आसपास काम करने वाले कुछ कर्मचारी इसमें शामिल होंगे।