वैज्ञानिकों ने छात्रों को विज्ञान में कॅरियर बनाने प्रेरित किया
धमतरी। केन्द्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ पं रविवि के वैज्ञानिक।
भास्कर न्यूज|धमतरी
केंद्रीय विद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य को लेकर तरुणोत्सव 2018 मनाया गया। इस अवसर पर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के एस्ट्रोनॉमी फिजिक्स के वैज्ञानिक डॉ. लक्ष्मीकांत चौरे, जूलॉजी के डॉ. सैकत विश्वास ने केंद्रीय विद्यालय के 10वीं की परीक्षा दे चुके सभी छात्र-छात्राओं को विज्ञान विषय में कॅरियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
दोनों वैज्ञानिकों ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में कॅरियर की असीम संभावना है। डॉ. चौरे ने ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति एवं विकास के बारे में भी छात्रों को प्रोजेक्टर के माध्यम से रोचक जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से कहा कि एस्ट्रो फिजिक्स के क्षेत्र में ब्रह्माण्ड के अनसुलझे तथ्यों को खोजने के लिए वे भी इस क्षेत्र में आगे आएं और अपना योगदान दें। छात्रों ने डॉ. चौरे से विज्ञान के अनसुलझे रहस्यों पर सवाल किए, जिनका उन्होंने जवाब दिया।
डॉ. सैकत विश्वास ने सेंटर फॉर बेसिक साइंसेज के वैज्ञानिक विचारधारा को बढ़ाने के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। साथ ही छत्तीसगढ़ में इस प्रकार के संस्थान में प्रवेश लेकर अपना भविष्य बनाने के लिए छात्रों को प्रेरित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. एसएस धुर्वे, प्रवीण साहू, वाणी चंद्राकर, राशि घोरपड़े, अभिषेक दुबे, जी विश्वास, पीएल साहू समेत छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
रुचि अनुसार विषय का चयन करें: विश्वास: शिक्षक जी विश्वास ने हमेशा जानने की रुचि बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें अपना कॅरियर निर्माण अपनी रुचि के विषयों में ही करना चाहिए। जो छात्र वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं, उन्हें विज्ञान विषय का चयन कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।