- Hindi News
- National
- 7वें वेतनमान के एरियर्स सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर फेडरेशन ने कलेक्टोरेट में की नारेबाजी
7वें वेतनमान के एरियर्स सहित 9 सूत्रीय मांगों को लेकर फेडरेशन ने कलेक्टोरेट में की नारेबाजी
सातवें वेतनमान का एरियर्स प्रदान करने, लंबित महंगाई भत्ता किश्त देने की मांग को लेकर छग अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन जिला इकाई के सदस्य रैली के रूप में कंपोजिट बिल्डिंग के पास पहुंचकर फेडरेशन जिंदाबाद के नारे लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नाम से कलेक्टर की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर राजीव पांडेय को 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक राजेंद्र चंद्राकर ने बताया कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन का यह तीसरा चरण है। प्रथम चरण में 1 मई को मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा गया।
इसके बाद द्वितीय चरण में मुख्य सचिव द्वारा फेडरेशन को चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया, जिसमें सकारात्मक हल नहीं निकला। तृतीय चरण में पूरे प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री के नाम से 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपने का निर्णय लिया गया था। मांगे पूरी न होने की स्थिति में पूरे प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा 12 जून से राजधानी रायपुर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक शर्मा, नवीन चंद्राकर, चंदू चंद्राकर, गोपाल शर्मा, कृष्णा साहू, खुमान सिंह ठाकुर, जगदीशराम साहू, एमके शर्मा, लक्ष्मणराव मगर, विकास शर्मा, कृपाशंकर मिश्रा, एसआर टंडन, ओएस साहू, अमित कुमार आदि उपस्थित थे।
ये हैं प्रमुख मांगें
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के मांगों में सातवें वेतनमान का एरियर्स प्रदान करने, लंबित महंगाई भत्ता किश्त की घोषणा करने, चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान देने, शिक्षकों को वन स्टेप वेतनमान देने, लिपिक व अन्य संवर्गों की वेतन विसंगति दूर करने, सातवें वेतनमान के आधार पर गृह भाड़ा भत्ता पुनरीक्षित करने, राज्य के पेंशनरों को 1 जनवरी 2016 से वेतनमान का लाभ देने, परामर्शदात्री समिति की बैठक प्रति 3 माह में लेने, कर्मचारी संघों की मान्यता जारी करने शामिल हैं।
मांगें पूरी न होने पर 12 जून से रायपुर में धरना प्रदर्शन
धमतरी. कलेक्टोरेट में नारेबाजी करते छग अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के सदस्य।