शिविर... बीमारियों से दूर रहने सीख रहे योग
धमतरी | पतंजलि युवा समिति द्वारा नूतन उमावि मराठापारा में 10 दिवसीय योग शिविर लगाया गया है। यहां सुबह 5 से 7 बजे तक बच्चे, युवा, महिला, वृद्ध योग सीख रहे हैं। प्रतिदिन पतंजलि हरिद्वार से प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक लोकेश साहू बीमारियों से दूर रहने लोगों को योग सिखा रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने मोटापा, बीपी, शुगर के बारे में जानकारी देकर इससे संबंधित योग सिखाए। योग शिविर प्रभारी गीतेश प्रजापति ने बताया कि बुधवार को मोटापा, माइग्रेन, सायटिका, वात रोगों से संबंधित योग सिखाए जाएंगे।
धर्म... बरगद की पूजा कर पति की लंबी उम्र मांगी
मगरलोड | विकासखंड के ग्राम आमाचानी में 15 मई को महिलाओं ने वट सावित्री की पूजा-अर्चना की। वट सावित्री व्रत रख महिलाओं ने बरगद की पूजा कर पति की दीर्घायु और संतान प्राप्ति की कामना की। इस मौके पर सुबह से ही मंदिरों में और वट वृक्षों के पास श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
सेवा...अग्रवाल समाज ने किया फल व मठे का वितरण
धमतरी | अग्रवाल समाज ने मंगलवार को जिला अस्पताल में मरीजों को फल, मठा का वितरण किया। समाज की अध्यक्ष ममता अग्रवाल ने बताया कि इस बार ज्येष्ठ माह दो बार पड़ेगा, इसलिए अधिक मास लगने के उपलक्ष्य में मरीजों को फल व मठा का वितरण किया गया। इस दौरान सुरेश गोयल, पवन मित्तल, प्रमोद गोयल, विजय, माेहन अग्रवाल, कैलाश जयपुरिया, उमा अग्रवाल, श्रवण लता गोयल, सुधा अग्रवाल, रंजना जयपुरिया, कुसुम अग्रवाल, सुमन अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
सुविधा... नल-जल के लिए मिले 1 करोड़ 85 लाख
कुरुद | स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर की पहल से मगरलोड विकासखंड के गांवों में नल-जल विस्तार के लिए नल-जल प्रदाय योजना के तहत 1 करोड़ 85 लाख रुपए स्वीकृत हुई है। जनपद अध्यक्ष मगरलोड निरूपा दाऊ, उपाध्यक्ष वीरेंद्र साहू, ने बताया कि ग्राम अरौद के लिए 49.28 लाख, बेलौदी के लिए 48.52 लाख एवं ग्राम मोतिमपुर के लिए 47.23 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।
भूमिपूजन... जोरातराई(सी) में अहाता का होगा निर्माण
कुरुद | शासकीय हाईस्कूल जोरातराई (सी) में 5 लाख रुपए की लागत से होने वाले अहाता निर्माण का भूमिपूजन मुख्य अतिथि सरपंच सविता गंजीर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास समिति के अध्यक्ष छेदन लाल साहू ने की। सरपंच गंजीर ने कहा कि जोरातराई अब सड़क, बिजली, पानी के साथ-साथ शिक्षा की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भखारा चोवा राम गंजीर, उपसरपंच परमेश्वर गंजीर, प्रभारी प्राचार्य दयालूराम साहू आदि उपस्थित थे।