धमतरी| अंचल में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों के साथ ही पशु-पक्षियों की भी बेचैनी बढ़ गई है, जिससे राहत पाने कई उपाय हो रहे हैं। बावजूद गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही। हफ्तेभर बाद मौसम साफ होने से एक बार फिर से अंचल का तापमान 41 डिग्री से पार हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने 36 घंटे में बारिश की चेतावनी दी है।
रविवार को दिन का पारा 43 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। सुबह से शाम तक गर्म हवाएं चलती रही, जिससे लोग बेहाल रहे। भीषण गर्मी से बचने कामकाजी लोग छतरी, चश्मा, हेलमेट, गमछा व स्कार्फ का उपयोग बड़ी तादाद में कर रहे हैं, लेकिन राहत नहीं मिल रही। गर्मी व उमस से शरीर पसीना से तरबतर रहा। दफ्तरों, घरों में लगाए पंखा, कूलर से लोगों को भी राहत नहीं मिल रही है। शहर व ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों पर कई घंटों तक वीरानी बनी रहती है। लालपुर रायपुर के मौसम वैज्ञानिक एसयू नंदनवार ने बताया कि दक्षिण पश्चिम क्षेत्र से नमी के साथ गर्म हवा व उत्तर पूर्वी क्षेत्र से ठंडी हवा आ रही है।
सेहत पर विपरीत प्रभाव
गर्मी का असर सेहत पर पड़ रहा है। शरीर में गर्मी बढ़ने से फोड़ा, , बुखार, उल्टी-दस्त समेत कई शारीरिक परेशानी सामने आ रही है। जिसका इलाज कराने शासकीय व निजी अस्पतालों में मरीज पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अखिलेश देवांगन ने बताया कि गर्मी से व्याकुल लोग बीमार होकर इलाज कराने अस्पताल पहुंच रहे हैं। गर्मी में लोग घर से बाहर न निकलें। कामकाजी व जरूरतमंद सिर ढंककर बाहर निकलें। शारीरिक परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा उपचार कराएं।