दंतेवाड़ा के चोलनार बम ब्लास्ट में शहीद हुए टिकेश्वर ध्रुव माहभर पहले जब छुट्टी पर घर आया था, तब उसने पिता से कहा था कि दंतेवाड़ा में आजकल वारदात फिर बढ़ गई है। मुझे कुछ हो जाए तो दुखी मत होना। उसकी कहीं गई ये बातें न केवल परिजन बल्कि उसके गांव परेवाडीह (धमतरी) के लोगों को याद आ रही हैं।
रविवार सुबह जब से टिकेश्वर के शहीद होने की खबर मिली है, परेवाडीह ही नहीं, आसपास के ग्रामीण वहां एकत्रित हो गए हैं। उन्हें देश के लिए अपनी जान न्यौछावर करने वाले इस सपूत पर गर्व है। रविवार सुबह टिकेश्वर साथियों के साथ सड़क निर्माण करने वालों को सुरक्षा देने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में बम विस्फोट हुआ जिसमें टिकेश्वर सहित छह जवान शहीद हो गए। एक घायल हो गया। बता दें कि 2013 में टीकेश्वर की शादी हुई थी।
टीकेश्वर ध्रुव
मिलनसार थे टिकेश्वर
ग्राम परेवाडीह निवासी शिक्षक जितेन्द्र साहू ने बताया कि 36वर्षीय टिकेश्वर बहुत मिलनसार युवक था। जब भी छुट्टी लेकर गांव आता था, प्रत्येक ग्रामीण से मिलकर अपनी खुशियां बांटता था। एक माह पहले भी वह आया था और सबसे मिलकर गया था। जब उसने कहा था कि उसे कुछ हो जाए तो दुखी मत होना तो उसके पिता जहूरसिंह ने फटकारते हुए कहा था कि दोबारा ऐसा मत कहना।
नगरी सिहावा क्षेत्र में बढ़ाई गई सर्चिंग
इस घटना के बाद से जिले के नगरी-सिहावा और ओडिया बार्डर पर पुलिस सर्चिंग बढ़ा दी गई है। बोरई, खल्लारी, मेचका थाना में भी अलर्ट जारी किया गया है। इस क्षेत्र आने-जाने वाले वाहनों की संघन जांच की जा रही है।