कुरूद| संत गुरु घासीदास पीजी काॅलेज में संचार क्रांति योजनांतर्गत सत्र 2017-18 के बीए, बीकाॅम, बीएससी प्रथम व द्वितीय वर्ष, बीपीएड द्वितीय सेमेस्टर एवं एमए, एमकाॅम, एमएससी द्वितीय सेमेस्टर के नियमित छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन वितरित किया जाएगा। इसके लिए 22 से 27 मई तक पंजीयन कराना होगा। स्नातक अंतिम वर्ष, स्नातकोत्तर चतुर्थ सेमेस्टर, बीपीएड चतुर्थ सेमेस्टर एवं पीजीडीसीए के छात्र-छात्राओं को स्मार्ट फोन नहीं दिए जाएंगे।
कमल कप क्रिकेट प्रतियोगिता 25 से
जीजामगांव| प्लेइंग इलेवन क्रिकेट क्लब द्वारा जीजामगांव में 25 मई से कमल कप टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसमें विजेता टीम को 7501 रुपए, उपविजेता टीम को 4001 रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रवेश शुल्क 351 रुपए रखा गया है। आयोजन की तैयारी में मुकेश पटेल, टेमन साहू, आशीष मरकाम, प्रमोद साहू, शेखर बघेल, धनसाय यादव, शुभमदास बघेल, डीकेश्वर पटेल, आनंद गांधी, अरुण साहू, देवचरण चंद्राकर आदि जुटे हुए हैं।
अतिक्रमण कर बेच रहे जमीन
सिर्री| गांव में सड़क किनारे की सरकारी जमीन पर कुछ लोग अतिक्रमण कर खरीदी-बिक्री का धंधा कर रहे हैं। इसकी जानकारी होने के बावजूद पटवारी और सरपंच कुछ नहीं कर पा रहे हैं। यही हाल चिंवरी, संकरी, गोजी, मौरीकला, कठौली, घूमा, नारी, भैंसमुंडी, दहदहा, कुहकुहा कोड़ेबोड़, मरौद, भाठागांव आदि गांवों का है, जहां अधिकारी झांकने तक नहीं आते।
कंप्यूटर और संचार क्रांति राजीव गांधी की देन: कांग्रेस
धमतरी| पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 27वीं पुण्यतिथि सोमवार को कांग्रेस भवन में मनाई गई। कांग्रेसियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर कहा कि राजीव गांधी ने ही 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मताधिकार दिलाया। वे आधुनिक भारत के जनक थे, जिन्होंने देश में कम्प्यूटर और संचार क्रांति की शुरुआत की। उनके कारण ही आज पूरा देश इस क्षेत्र में तरक्की कर चुका है। कार्यक्रम में नक्सली हमले में शहीद हुए परेवाडीह के पुलिस जवान टिकेश्वर ध्रुव को भी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर माेहन लालवानी, हरमिंदर छाबड़ा, नूर मोहम्मद मेमन, यूनुस गोड़, योगेश लाल, आलोक जाधव, कृष्ण कुमार मरकाम, उदित नारायण आदि उपस्थित थे।
ताइक्वांडो में भाग लेगी मोहिनी
धमतरी| ज्ञान अमृत विद्यालय की 5वीं की छात्रा मोहिनी पटेल इंटरनेशनल ताइक्वांडो द्वितीय कुकीवन कप स्पर्धा में भाग लेगी। इंडिया दोजांग स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन द्वारा इसका आयोजन 22 से 24 मई तक तालकटोरा इंडोर स्टेडियम नई दिल्ली में किया गया है। इसके पूर्व मोहिनी नेशनल स्पर्धा में गोल्ड एवं स्टेट स्पर्धा में ब्रांज मेडल प्राप्त कर चुकी है। प्राचार्य विनोद पांडे, जगदीश सोनी, पुष्पलता जाधव ने मोहिनी के उज्जवल भविष्य की कामना की है।