- Hindi News
- National
- नानी ने वास्तिका को जल्दी आने कहा था लेिकन रास्ते में मौत इंतजार कर रही थी
नानी ने वास्तिका को जल्दी आने कहा था लेिकन रास्ते में मौत इंतजार कर रही थी
मंगलवार को कोलियारी चौक पर हुई दुर्घटना में नौ साल की वास्तिका की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ को डिप्टी कलेक्टर राजीव पांडे ने चौड़ीकरण और स्पीड ब्रेकर का आश्वासन दिया है। इस दुर्घटना में हाइवा ने साइकिल सवार बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। साइकिल पर बच्ची वास्तिका के अलावा उसके पिता मोहन ध्रुव और मां सीमा सवार थीं।
मां बाप तो बच गए लेकिन वास्तिका ट्रक की चपेट में आ गई। लोग इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने हाइवा को आग के हवाले कर दिया। 7 दिन पूर्व ही वास्तिका अपने माता-पिता के साथ बठेनापारा में अपने नानी के घर गई थी। एक घंटे पहले नानी लखंतीन ध्रुव ने दामाद, बेटी और नातिन को घर से विदा किया और वे डेढ़ घंटे बाद नातिन की मौत की खबर आई। परिवार को विदा करने से पहले नानी ने वास्तिका को खूब लाड़ किया था तथा जल्दी आने को कहा था। वास्तिका घर में सबसे छोटी थी अौर परिवार की लाड़ली थी। कक्षा तीसरी में इस वर्ष प्रवेश लिया था। वास्तिका से बड़ा योगेश 10 साल और सबसे बड़ा घनश्याम 12 साल का है। वास्तिका के पिता मोहन ध्रुव ने कहा कि घटना से पूरा परिवार स्तब्ध है।
आक्रोशित लोगों ने हाइवा को आग के हवाले कर दिया, जाम भी लगाया
धमतरी. घटना के विरोध में मंगलवार सुबह 9.30 बजे ग्रामीण, विधायक और कांग्रेसजन चक्काजाम पर बैठ गए।
अब करेंगे रोड चौड़ीकरण के प्रयास, हुआ निर्णय
कोलियारी से खरेंगा रोड का चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को पहले ही भेजा जा चुका है। इसे जल्द स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा। सिहावा रोड और कोलियारी खरेंगा रोड पर जल्द ही जरूरत के हिसाब से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही इस रोड की बड़ी समस्या ख्तम हो जाएगी। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
दो दिन पहले ही कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
कोलियारी और खरेंगा रोड पर रेत वाले भारी वाहन चलते हैं। रोड संकरी होने के कारण एक्सीडेंट की आशंका बनी रहती है। दो दिन पहले ही कांग्रेसियों ने खराब सड़कों की मरम्मत करने, हाइवा पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए कलेक्टोरेट में प्रदर्शन किया था। आए दिन होने वाले एक्सीडेंट का हवाला भी दिया था।
ग्रामीणों ने कहा-न जाने कितनी मौतों का इंतजार
ग्रामीण संतोष साहू, बनवारी लाल, डिगेश साहू, ईश्वरी बाई, सावित्री ने कहा कि कोलियारी चौक से अछोटा मार्ग और खरेंगा रोड में हाईवा, टिप्पर वाहनों की रफ्तार काफी ज्यादा होती है। आए दिन स्पीड के चलते दुर्घटनाएं होती रहती है। स्पीड ब्रेकर व सड़क चौड़ीकरण की मांग वर्षों से कर रहे, पर शासन-प्रशासन अनदेखी कर रहा। न जाने शासन-प्रशासन को इस रोड में और कितनी मौतों का इंतजार है।
3 घंटे चक्काजाम में फंसे रहे यात्री
3 घंटे तक चक्काजाम होने के कारण धमतरी से नगरी, सिहावा जाने वाली यात्री बसें फंसी रही। बस में यात्री गर्मी से बेहाल होते रहे। छोटी बसें करेठा-रूद्री होते हुए धमतरी की ओर बढ़ गईं, बड़ी बसें फंसी रही।
8.35 बजे भीड़ ने हाईवा को आग के हवाले कर दिया। इधर ड्रायवर फरार हो गया।
सभी खदान बंद करे शासन
प्रदर्शन के दौरान विधायक गुरूमुख सिंह होरा ने कहा कि पहले भी इस रोड का चौड़ीकरण करने की मांग कर चुके थे। रेत खदानों के कारण हादसे हो रहे हैं। सभी खदानों को बंद करना चाहिए। ओवरलोडिंग एवं स्पीड पर कंट्रोल नहीं लगाया जा रहा। लेखराम साहू, नीशू चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस ने तीन दिनों तक पदयात्रा कर शासन-प्रशासन को खतरनाक रोड की स्थिति से अवगत कराया था। जब ग्रामीणों के साथ कलेक्टोरेट गए, तो कलेक्टर ग्रामीणों की समस्या सुनने भी केबिन से बाहर नहीं आए। इस सड़क में मौत का आंकड़ा बढ़ते जा रहा है। जल्द ही सड़क चौड़ीकरण होना जरूरी है।