धमतरी | रमजान का मुबारक महीना गुरुवार से शुरू हुआ। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रोजा रखकर इबादत की और मस्जिदों में तरावीह की नमाज अदा की। तरावीह की नमाज के लिए शहर के जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में विशेष व्यवस्था की गई है। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अनुसार जामा मस्जिद में मुफ्ती मो. जुबैर अहमद, मस्जिद हनफिया में हाफिज रहमतुल्लाह मिस्बाही, मस्जिद गरीब नवाब में हाफिज मुकर्रम साहिन, मदीना मस्जिद में हाफिज मो. तनवीर, सिहावा चौक मदरसा में हाफिज मो. जव्वाद अहमद और पुरुर मदरसा में हाफिज मो. सगीर तरावीह की नमाज अदा करा रहे हैं।
कम क्षमता के ट्रांसफार्मर से चिंवरी में लो-वोल्टेज
सिर्री | चिंवरी में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने के कारण शिव चौक क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लो-वोल्टेज के कारण बार-बार बिजली गुल हो रही है। तोरण साहू, लीकेश साहू, खुमान साहू ने बताया कि इस मोहल्ले में 150 बिजली कनेक्शन हैं। लो-वोल्टेज की समस्या से मुक्ति के लिए लोग अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे हैं।
भागवत कथा 21 से
धमतरी | रामबाग के हिरवानी अपार्टमेंट में 21 से 29 मई तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया है। कथा वाचक पं. राजा तिवारी हाेंगे। प्रथम दिवस कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद वेदी पूजा के साथ गौकर्ण कथा होगी।
स्मार्टफोन के लिए पंजीयन आज
मगरलोड | मगरलोड काॅलेज के सभी नियमित छात्र-छात्राओं को सूचना क्रांति योजना के तहत स्मार्टफोन वितरित किया जाना है। इसके लिए 18 मई को सभी छात्र-छात्राओं से दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर स्काई पोर्टल में पंजीयन कराने कहा गया है।
जुंगेरा में देवदास समाज की बैठक 20 मई को
पुरुर | देवदास समाज की प्रांतीय बैठक जुंगेरा (बालोद) में 20 मई को दोपहर 1.30 बजे रखी गई है। जिलाध्यक्ष छगनलाल तांडव ने जिले के सभी सदस्यों से उपस्थिति की अपील की है।