धमतरी | सोरिद वार्ड में बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने वार्डवासियों के साथ निगम दफ्तर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष गौतम वाधवानी, विशु देवांगन, प्रीतम सिन्हा, कुशल देवांगन, नंदकुमार देवांगन, सुशीला बाई, ताराबाई देवांगन, अमृता बाई, विक्की देवांगन, रामनाथ, रमेश देवांगन, कुलेश्वर देवांगन आदि गुरुवार को दोपहर 12 बजे निगम दफ्तर पहुंचे। उन्होंने पहले दफ्तर के बाहर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की, फिर कमिश्नर रमेश जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर सोरिद वार्ड में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग जल्द पूरी नहीं हुई, तो वे निगम दफ्तर का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे।
ये हैं प्रमुख मांगें : सोरिद वार्ड में बाबा डबरा का निर्माण, काली मंदिर कालोनी में नाली निर्माण, बिजली की व्यवस्था, सोरिद पुल से बाबा मंदिर तक सड़क निर्माण, साेरिद वार्ड एवं जोधापुर वार्ड की जर्जर सड़कों की मरम्मत, वार्ड में पेयजल व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग वार्डवासियों ने की है। एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने बताया कि बाबा डबरा के पुल निर्माण को लेकर निगम ने सालभर पहले भूमिपूजन कराया था, लेकिन काम अब तक शुरु नहीं हुआ है। उन्होंने वार्ड के पार्षद की निष्क्रियता की भी कमिश्नर से शिकायत की।
निरीक्षण के बाद काम शुरु कराएंगे : कमिश्नर रमेश जायसवाल का कहना है कि एनएसयूआई द्वारा सौंपे गए ज्ञापन का जल्द निबटारा किया जाएगा। अधिकारियों के साथ वार्ड का निरीक्षण करेंगे और जो भी समस्या होगी, उसे दूर कराएंगे।
एनएसयूआई ने निगम दफ्तर में कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की।