रियल इंफ्रा इंडिया चिटफंड कंपनी के मुख्य संचालक को भेजा जेल
धमतरी| 5 साल में निवेशकों की जमा राशि को दोगुना-तिगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपए हजम करने वाली जेएसबी रियल इंफ्रा इंडिया चिटफंड कंपनी के संचालक कन्हैयालाल को कोतवाली पुलिस ने 12 अप्रैल को रायपुर से धमतरी लाया। शुक्रवार को 24 घंटे तक पूछताछ करने के बाद उसे रिमांड पर जिला जेल भेज दिया। इस कंपनी के 3 अन्य संचालकों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार वर्ष 2013 में जेएसबी चिटफंड कंपनी रायपुर के लालपुर में खुली थी। वहां सालभर तक ठगी का कारोबार करने के बाद वर्ष 2014 में कंपनी ने धमतरी शहर के नहर नाका चौक में दफ्तर खोल लिया और एजेंटों के माध्यम से शहर समेत आसपास गांवों के सैकड़ों लोगों को 5 साल में जमा राशि दोगुना तथा साढ़े 10 साल में 4 गुना करने का झांसा दिया और बाद में जमा रकम लेकर कंपनी भाग गई।
60 लाख की धोखाधड़ी
जांच अधिकारी बीआर सिन्हा ने बताया कि जांच में 20 मामले सामने आए, जिनमें 60 लाख की धोखाधड़ी की गई है। श्यामतराई निवासी लक्ष्मीकांत साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर कन्हैयालाल (37) पिता शिवकुमार ओझा समेत पंकज साहू, धनेश ढीमर व नितिनराव शेंदे के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पंकज, धनेश, नितिन को गिरफ्तार कर पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है, पर कन्हैया लंबे समय से फरार था। पता चला कि वह रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है, तब उसे कोतवाली पुलिस पूछताछ के लिए 12 अप्रैल को धमतरी लेकर आई।