सीईओ के खिलाफ जांच शुरू, 4 का लिया बयान
धमतरी| धमतरी जनपद सीईअो शैलेष भगत द्वारा भाजपा की जनसंपर्क पदयात्रा का प्रचार करने की शिकायत पर 18 दिन बाद जांच शुरु हो गई। पंचायत विभाग के उपसंचालक अनिल लच्छवानी, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक एमएल पाल को जांच अधिकारी बनाया गया है।
शुक्रवार को जांच अधिकारियों ने शिकायतकर्ता युवक कांग्रेस के कृष्ण कुमार मरकाम, राहुल बख्तानी, उदितनारायण साहू, तोमेश साहू के बयान लिए। इसके बाद जनपद सीईओ का भी बयान लिया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद अधिकारी अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेंगे। युवक कांग्रेस ने 26 मार्च को सीईओ के खिलाफ भाजपा के कार्यक्रम का प्रचार करने की शिकायत की थी।
साथ ही जांच की मांग करते हुए सीईओ द्वारा सचिव वाट्सएप ग्रुप में प्रचार-प्रसार का स्क्रीन शाट भी सबूत के तौर पर प्रस्तुत किया था। इधर सीईआे शैलेष भगत आरोप को निराधार बता रहे हैं। जांच अधिकारी अनिल लच्छवानी ने कहा कि कलेक्टर के निर्देश पर इस मामले की जांच की जा रही है। युवक कांग्रेस के 4 लोगों के बयान ले लिए हैं। परीक्षण करने के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को देंगे। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 26 मार्च को कलेक्टर जनदर्शन में जनपद सीईओ शैलेष भगत की शिकायत की और कार्रवाई के लिए हफ्तेभर का अल्टीमेटम दिया। हफ्तेभर बाद 2 अप्रैल को पुन: युवक कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टोरेट पहुंचे और 4 अप्रैल को कलेक्टोरेट घेरने की चेतावनी दी।
कार्रवाई नहीं, तो हाईकोर्ट जाएंगे
शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार मरकाम ने कहा कि युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बयान अधिकारियों ने लिए हैं। वाट्सएप ग्रुप में सीईओ ने भाजपा की जनसंपर्क पदयात्रा का प्रचार किया है। पूरे सबूत के साथ स्क्रीन शाट भी सौंपा गया है। यदि सीईओ पर कार्रवाई नहीं होती, तो हाईकोर्ट जाएंगे।