चबाकर खा सकें, इसलिए युवा डॉक्टरों ने शुरू की बत्तीसी सेवा
शहर के युवा डाक्टरों का स्प्रेडिंग ग्रुप बुजुर्गों की सेवा के लिए सामने आया है। अक्सर गरीबी के चलते बुजुर्ग अपने झड़े हुए दांत नहीं लगा पाते। ऐसी स्थिति में उन्हें भोजन बगैर चबाए ही लेना पड़ता है। ऐसे गरीब बुजुर्गों को नि:शुल्क बत्तीसी ग्रुप द्वारा दी जा रही है। इसके लिए बुजुर्ग की उम्र 70 साल या उससे अधिक होना चाहिए।
शुक्रवार से इस नि:शुल्क सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शहर की गुरमीत कौर और धनीराम को नि:शुल्क बत्तीसी दी गई। ग्रुप में दंत रोग विशेषज्ञ डॉ अभिषेक गोयल, डॉ सृष्टि सिंघल, डॉ पदमश्री प्रजापति जुडे़ हैं। इन डाक्टरों ने कहा कि लोग अपने आस-पास इस तरह के बुजुर्ग हों, तो उन्हें भगवती लाॅज के सामने स्थित हीरा डेंटल क्लिनीक में लाकर इस सेवा का लाभ दिलाएं। लोग 98279-02380, 98935-35544 में पंजीयन भी करा सकते हैं। डॉक्टराें ने अन्य सेवाभावी दंत चिकित्सकों से भी ग्रुप में जुड़कर सहयाेग करने की अपील की है।
सुखद पहल
शहर के युवा डॉक्टरों का ‘स्प्रेडिंग ग्रुप’ बुजुर्गों की सेवा के लिए सामने आया, उम्र 70 साल या उससे अधिक होनी चाहिए
सेवा हो तो एेसी, अब चबाकर भोजन कर पा रहे
नि:शुल्क बत्तीसी लगवाने वाले धनीराम व गुरमीत कौर ने कहा कि गरीब बुजुर्गों की तकलीफ को युवा डॉक्टरों ने समझा अौर प्रयास शुरू किया। डॉक्टरों के इस प्रेरणादायी कार्य को देख हम यही कहेंगे की सेवा हो तो ऐसी। उन्होंने कहा कि पहले उच्चारण व बोलने में थोड़ी दिक्कत आती थी। बत्तीसी लगने के बाद यह दिक्कत दूर हुई। भोजन भी ठीक से चबाकर खा रहे हैं।
धमतरी। शुक्रवार को गुरमीत कौर व धनीराम को नि:शुल्क बत्तीसी दी गई।
स्मार्ट कार्ड से बत्तीसी नहीं इसलिए उठाया कदम
डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि स्मार्ट कार्ड में बत्तीसी निकालना बंद कर दिया गया है। प्राइवेट अस्पतालों में इस कार्य के लिए 15 हजार का शुल्क लिया जाता है। गरीब वर्ग के लोग उनके ग्रुप से संपर्क कर मुफ्त लाभ ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अक्सर गरीब परिवार के लोग स्मार्ट कार्ड लेकर बत्तीसी लगवाने आते हैं। जब उन्हें स्मार्ट कार्ड से इलाज नहीं होने की जानकारी दी जाती है, तो वे निराश होकर लौटते हैं। बुजुर्गो की इस तकलीफ को देख हम 3 डॉक्टरों ने नि:शुल्क बत्तीसी देने की ठानी और महीने भर इंतजार के बाद शुक्रवार से यह सेवा शुरू की गई।