पीएम आवास में ईंटों की जुड़ाई मिट्टी नहीं, सीमेंट से करें: कलेक्टर
गंगरेल बांध डुबान क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर कलेक्टर डॉ. सीआर प्रसन्ना ने निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भवन निर्माण और तालाब गहरीकरण कार्यों को बारिश से पहले हर हाल में पूरा कराने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ को दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों को देख कलेक्टर ने कहा ईंटों की जोड़ाई के लिए मिट्टी की जगह सीमेंट का उपयोग करें। उन्होंने आवास मित्रों को आवास निर्माण की सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए। ग्राम तिर्रा में कलेक्टर ने सरपंच से गांव में जारी निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन काे देखा। कोलियारी में तालाब गहरीकरण कार्य का जायजा लेने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही अर्जुन नेताम और रमेश मरकाम के निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण किया।
गांधी मंदिर को भी देखा: डुबान क्षेत्र भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने गंगरेल बांध के किनारे बने महात्मा गांधी के मंदिर काे भी देखा। इस दौरान ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने क्षेत्र में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर आवेदन भी सौंपा, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करने की बात कही।