युवाओं का समूह शहर में सकोरे बांट गर्मी में बचा रहा है पक्षियों की जान
अप्रैल, मई और जून का महीना गर्मी में इंसानों को तो बेचैन करता ही है, पक्षी व अन्य जीव-जंतुओं के लिए भी भारी पड़ता है। भीषण गर्मी में पक्षियों को पानी की ज्यादा जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में जन कल्याण सेवा समिति के युवाओं का ग्रुप हर साल ग्रीष्मकाल में बेजुबान पक्षियों को पानी देने के लिए मुहिम छेड़ता है और सकोरे का खर्च खुद उठाता है। रविवार को युवाओं की टीम कैलाशपति नगर और दुलारी नगर में लोगों को निशुल्क सकोरे बांटे। इस दौरान लोगों से सकोरे में रोज दोपहर को पानी भरकर छत में रखने का आग्रह भी किया, ताकि पक्षियों को दोपहर की दहकती गर्मी में पानी मिल सके और उनकी जान बच जाए।
गर्मी में पक्षियों को मरते देखा तो मुहिम से जुड़े : जन कल्याण सेवा समिति के युवा हर साल अभियान चलाकर सकोरा बांटने के लिए लोग गांवों में भी पहुंचते हैं। पक्षी प्रेमी डॉ. राकेश सोनी, गुड्डा रजक, दुष्यंत घोरपड़े, दुलेश्वरी रजक, पुष्कर यादव ने बताया कि 5 साल पहले उन्होंने तेज गर्मी में झुलसकर पक्षियों को मरते देखा था, तब से इस अभियान से जुड़े हैं। ग्रीष्मकाल शुरू होनेे के बाद वे अन्य साथियों के साथ घूम-घूमकर सकोरा बांटते हैं। इस बार भी मार्च के अंतिम सप्ताह से सकोरा बांट रहे हैं। अधिक से अधिक सकोरा बांटना चाहते हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा पक्षियों को पानी मिल सके।
धमतरी. रविवार को जन कल्याण सेवा समिति ने पंछी बचाओ- पुण्य कमाओ अभियान के 6वें सप्ताह कैलाशपति और दुलारी नगर में बांटे सकोरे।