पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • वैशाख में आषाढ़ जैसी गरज चमक, 2 दिन झमाझम के आसार

वैशाख में आषाढ़ जैसी गरज-चमक, 2 दिन झमाझम के आसार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दक्षिण क्षेत्र के ऊपरी हिस्से में तापमान परिवर्तन से बने चक्रवात के चलते जिले में रोजाना शाम को तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश हो रही है। शनिवार को दिनभर सूर्य की तेज किरणों ने लोगों को परेशान किया और शाम होते ही अचानक मौसम में परिवर्तन आया, फिर 2 घंटे तक झमाझम बारिश हुई। रात में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला चला। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक और बारिश होने की संभावना जताई है।

बैसाख में गर्मी के इस मौसम में आषाढ़ की तरह गरज-चमक के साथ कभी भी बादल बरस रहे हैं। यह सिलसिला पखवाड़ेभर से चल रहा है। 14 अप्रैल को भी देर-रात तक बारिश होती रही। रविवार को सुबह 9 बजे के बाद मौसम खुला, इसके बाद शाम तक तेज धूप और उमस से लोग बेहाल रहे। अचानक हो रही बारिश से ग्रामीण अंचल में कामकाज प्रभावित हो रहा है, वहीं गर्मी को देखते हुए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर खुले शीतल पेय की दुकानों में धंधा चौपट हो रहा है।

2 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम : लालपुर रायपुर के सहायक मौसम वैज्ञानिक एनएस मेहता ने बताया कि ऊपरी चक्रवात और द्रोणिका का प्रभाव छत्तीसगढ़ में दिख रहा है। तपिश के बीच बारिश हो रही है। अगले 2 दिनों तक बारिश की संभावना है।

रविवार की दोपहर तक तेज धूप के बाद शाम को तेज हवा और बारिश हो रही थी।

सब्जियों में लग रहे कीड़े

गर्मी में खराब मौसम के चलते किसानों की सब्जी फसल बर्बाद होने के कगार पर है। आषाढ़ की तरह गरज-चमक और तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हो रही है। खराब मौसम का यह सिलसिला लगातार जारी है। इससे किसानों के खेतों में लगी सब्जी की फसल खराब हो रही है। किसान मोहन पटेल, कुलेश्वर सोनकर, भोलानाथ पटेल ने बताया कि विभिन्न प्रकार की भाजी की फसल में कीट-प्रकोप की समस्या बढ़ गई है। उत्पादन काफी प्रभावित हुआ है, जिससे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। आम के पेड़ों पर लगे छोटे-छोटे फल झड़ रहे हैं और ईमली की क्वालिटी भी खराब हो रही है।

बूंदाबांदी से बदला मौसम सर्दी-बुखार की शिकायत

खराब मौसम का विपरीत असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। मार्च माह के अंतिम सप्ताह से शुरू हुआ खराब मौसम का सिलसिला अप्रैल माह में भी जारी है। हर तीसरे-चौथे दिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो रही है, जिससे लोग परेशान हैं। कभी गर्मी तो कभी बारिश से लोगों की तबीयत भी बिगड़ रही है। छोटे बच्चों को सर्दी, खांसी, बुखार समेत मौसमी बीमारियां घेर रही हैं। बीमार होकर लोग उपचार कराने अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टर भी बच्चों की सेहत को लेकर परिजनों को विशेष सावधानियां बरतने की हिदायत दे रहे हैं।

खबरें और भी हैं...