घर से मुंबई भागे करेलीबड़ी के किशोर को पुलिस लेकर आई
धमतरी | बिना बताए घर से निकले करेली बड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के 15 वर्षीय किशोर को मगरलोड पुलिस ने मुंबई से सकुशल लाकर उसके घर पहुंचा दिया। पढ़ाई को लेकर घरवालों की डांट-फटकार के बाद वह गुस्से में मुंबई चला गया था।
पुलिस के अनुसार नाबालिग 4 अप्रैल को सुबह 10 बजे घर से बिना बताए निकला था। शाम तक नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों एवं आसपास पतासाजी की, पर कोई सुराग नहीं मिला, तब उन्होंने करेली बड़ी पुलिस चौकी में 7 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मुंबई से किसी का फोन आया था। उस नंबर पर संपर्क करने पर गुम बालक के मुंबई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद संपूर्ण घटना की जानकारी वरिष्ठ अफसरों को दी गई, तब टीम गठित कर सहायक उप निरीक्षक परसराम वर्मा, आरक्षक मनोज कुमार सिन्हा को बालक के पिता के साथ मुंबई रवाना किया गया। वहां उसके एनजीओ द्वारा संचालित स्नेह सदन में होने की जानकारी मिली। पूछताछ करने पर बालक को बालगृह उमरखाड़ी मुंबई में रखने की बात एनजीओ ने बताई, तब वहां पहुंचकर बालक को उसके पिता से मिलवाया गया। इसके बाद उसे वापस गांव लाया गया। बालक ने पूछताछ करने पर बताया कि घरवाले पढ़ाई नहीं करते हो कहकर डांटते थे, इसलिए वह गुस्से में आकर घर में बिना किसी काे बताए चला गया था।