आदर्श समाज बनाने में युवा सहयोग करें: साहू
धमतरी। रामसागर पारा वार्ड में साहू समाज ने भक्त माता कर्मा की जयंती मनाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि तहसील साहू समाज अध्यक्ष यशवंत साहू ने युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प दिलाकर स्वस्थ एवं आदर्श समाज की स्थापना में सहयोग करने की बात कही। उन्होंने कहा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए युवा शक्ति का सही दिशा में उपयोग होना चाहिए। कोई भी समाज वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में विकास की राह पर अग्रसर होता है। भक्त माता की असीम कृपा है कि यह समाज हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाज के सचिव रामकुमार साहू ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए सामाजिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष लक्ष्मण साहू व वार्ड अध्यक्ष ईश्वर साहू ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।