दीपगढ़ में 15 एकड़ गेहूं अौर 10 एकड़ नाड़ जलकर राख
भदौड़ से 4 किलोमीटर दूर दीपगढ़ गांव में विधाता रोड पर 15 एकड़ गेहूं की फसल अौर 10 एकड़ नाड़ जलकर राख हो गया। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तूड़ी बना रहे किसानों ने गेहूं की नाड़ को जलते देखा तो उन्होंने आसपास के घरों और गांव में लोगों को आग लगने की सूचना दी। लोगों के आने से पहले ही आग ने बड़े स्तर पर गेहूं की फसल व नाड़ को चपेट में ले लिया था। हवा का दबाव तेज होने के कारण आग कम होने की जगह बढ़ती गई। अाग बेकाबू होते देख लोगों ने भदौड़ में एनआरआईज और समाजसेवी लोगों की मदद से इसी सीजन में चलाई फायर ब्रिगेड गाड़ी को फोन किया अौर फायर ब्रिगेड वाली गाड़ी ने पहुंचकर आग को बुझाया। 7 एकड़ नाड़ गुरजंट सिंह व अंग्रेज सिंह, 3 एकड़ हरबंस सिंह सरपंच के खेत में नाड़ राख हो गया। इसके अलावा 4 एकड़़ खड़ी गेहूं की फसल रणजीत सिंह, नरपाल सिंह, 4 एकड़ गुरमेल सिंह-प्रताप सिंह, 7 एकड मुकंद सिंह-गुरदेव सिंह की फसल जल गई। पीड़ित किसानों व लोगों ने बताया कि अाग उपर से गुजरती बिजली तारों के स्पार्किंग होने से लगी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाए। (गुरबिंदर)
आग लगने से धनौला में 6 एकड़ गेहूं की फसल राख
धनौला| बिजली की तारों की स्पार्किंग से 6 एकड़ के करीब गेहूं की फसल राख हो गई। हंडियाया रोड धनौला में किसान केवल सिंह, किसान भुपिंदर सिंह पुत्र भूरा सिंह ने बताया कि हमारे खेत के नजदीक बिजली की 11 हजार वोल्टेज की लाइन गुजरती है। कुछ दिन पहले ठेकेदार की तरफ से इस लाइन की तारें की बदली गई थी, परंतु एक खंबे पर लगी तारों को मजबूती के साथ बांधी नहीं गई। तेज हवा आने से तारें आपस में टकरा गई और स्पार्किंग हो गई। जेई शंकर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। (सदियोडा)
संगरूर में दिल्ली- लुधियाना नेशनल हाईवे जाम कर धरना देते किसान।
स्पार्किंग से 8 एकड़ गेहूं और नाड़ जला, धरना दिया
संगरूर| गांव बंगावाली व रसालदार छन्ना के खेतों में अचानक आग लगने के कारण साढ़े चार एकड़ गेहूं की खड़ी फसल व चार एकड़ नाड़ जलकर राख हो गई है। आग लगने का कारण बिजली की तारों में स्पार्किंग होना बताया जा रहा है। गुस्साए किसानों ने गांव बंगावाली के नजदीक दिल्ली-लुधियाना नेशनल हाईवे पर यातायात ठप कर पावरकॉम के खिलाफ नारेबाजी की। किसान गुरतेज सिंह ने बताया कि जमीन ठेेके पर लेकर गेहूं की फसल बीजी थी व एक दो दिनों में कटाई करनी थी। आग लगने के कारण करीब साढ़े चार एकड़ गेहूं की फसल, शरनजीत सिंह, प्रदीप सिंह व सुखदीप सिंह के खेतों में गेहूं का नाड़ जल गया।