झुकी केंद्र सरकार, टल गई कोल इंडिया की हड़ताल
कोल इंडिया में 16 अप्रैल को होने वाली हड़ताल टल गई है। शुक्रवार देर रात दिल्ली में कोयला मंत्रालय के सचिव के साथ चारों ट्रेड यूनियन की बैठक हुई। इसमेंं सरकार ने सुझाव दिया कि कॉमर्शियल माइनिंग के मुद्दे पर त्रिपक्षीय कमेटी बनेगी। इसमें कोल इंडिया, ट्रेड यूनियन व कोल मंत्रालय के प्रतिनिधि होंगे। एटक के आरपी सिंह और एचएमएस के नाथूलाल पांडेय ने बताया कि कमेटी कॉमर्शियल माइनिंग के लागू होने के बाद कोल इंडिया पर होने वाले प्रभावों का अध्ययन करेगी। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कॉमर्शियल माइनिंग को लागू किया जाएगा। ट्रेड यूनियन को बाइपास करके कॉमर्शियल माइनिंग लागू नहीं होगा। ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधि इस विचार पर हड़ताल को टालने पर राजी हो गए। वार्ता में कोयला मंत्री के अतिरिक्त कोयला सचिव, कोल इंडिया के प्रभारी चेयरमैन गोपाल सिंह एवं डीपी आर पी श्रीवास्तव के अतिरिक्त सभी यूनियनांे के प्रतिनिधि शामिल थे।