कठुवा और उन्नान गैंगरेप के खिलाफ कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च
कठुवा और उन्नाव गैंगरेप के खिलाफ शनिवार की शाम रणधीर वर्मा चौक पर जिला कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस समेत सभी मोर्चा व संगठनों के नेता-कार्यकर्ताओं ने हिस्सेदारी की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दोनों घटनाओं से पूरा देश शर्मसार है। बेटा बचाएं-बेटी पढ़ाएं का नारा लगाने वाले पीएम बताएं कि देश का शासन-प्रशासन संवैधानिक विधि-विधान से चलेगा या फिर भाजपा के आपराधिक गिरोहों और मवालियों के हाथों में सौंप दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ओपी लाल लाल, संतोष कुमार सिंह, मदन महतो, शमशेर आलम, अनवर, बाबू अंसारी, मनोज, संजय आदि शामिल थे।
भूली में कैंडल मार्च में शामिल कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता।
महिला कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च
भूली|जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में सामूहिक दुष्कर्म के बाद 8 साल की बच्ची की हत्या के विरोध में शनिवार को महिला कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष सीता राणा के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला तथा घटना की निंदा करते हुए सरकार से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। सीता राणा ने कहा कि आज हमारे देश में कहीं भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सरकार को चाहिए कि ऐसी घटना के आरोपी जल्द गिरफ्तार हों और उन्हें सजा मिले। कैंडल मार्च बुधनी हटिया आंबेडकर प्रतिमा स्थल से शुरू हुआ और शक्ति मार्केट होते हुए पुनः आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर समाप्त हुआ। मार्च में मीना प्रजापति, अनिता कुमारी, मुस्कान, अनिता सिन्हा, रीता सिंह, उषा देवी, सबुजा देवी, रजिया देवी, रामरती देवी, देवकी देवी आदि थीं।