19 को पद संभालेंगे नए डीआरएम
धनबाद | नए डीआरएम अनिल कुमार मिश्रा धनबाद मंडल को माल ढुलाई में नंबर वन बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा है कि अगर सब मिलकर श्रेष्ठ प्रयास करें, तो ऐसा संभव हो सकता है। दैनिक भास्कर से फोन पर बातचीत में उन्होंने कहा कि वे 19 को पदभार ग्रहण कर लेंगे। 1987 बैच के इंडियन रेलवे सर्विसेज आफ सिग्नल इंजीनियरिंग के अधिकारी अनिल फिलहाल इलाहाबाद रेल मंडल में चीफ सिग्नल इंजीनियर के पद पर हैं। वहां वे अक्टूबर 2013 से पदस्थापित हैं। उन्होंने आईआईटी रूड़की से इलेक्ट्राॅनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की है अौर फिर एमटेक भी किया। अनिल कुमार मिश्रा ने बातचीत के दौरान कहा कि अभी धनबाद मंडल माल ढुलाई के मामले में देशभर में दूसरे स्थान पर है। सबके सहयोग से मंडल को पहले स्थान पर लाने की कोशिश करेंगे। धनबाद को अपने लिए नई जगह बताते हुए उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि अधिकारियों और कर्मियों का पूरा सहयोग मिलेगा। नए डीआरएम ने साथ ही कहा कि यात्री सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। इसमें सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा।