वासेपुर में मारपीट, एक ही परिवार के चार जख्मी
घायल नाज परवीन पीएमसीएच में भर्ती।
धनबाद | वासेपुर में जानलेवा हमले में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रविवार शाम इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घायलों में 26 वर्षीया सीमी परवीन, 17 वर्षीया नाज परवीन, रिजवान अंसारी और चांद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाले शकील, उसके बेटे तौसीफ और घर की औरतों ने रॉड तथा सब्बल से पीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। बाप-बेटे ने घर में घुसकर सीमी परवीन और नाज पर अचानक हमला कर दिया। आठ माह की गर्भवती सीमी के पैर और पेट पर वार किए गए। नाज को करीब 20 फीट की उंचाई से पास की रेल ट्रैक पर फेंक दिया गया, जिससे उसके हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें लग गईं। अन्य पड़ोसियों ने हमले की खबर बैंक मोड़ थाने को दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। थाने में दोनों तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई है।