नृत्य-गीत के साथ बंगाली समुदाय ने मनाया उत्सव
सुबह में शहर के मंदिरों में पूजा-अर्चना और शाम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम। शहर में बंगाली समाज के लोगों ने रविवार को बड़े उत्साह के साथ पोइला बैशाख मनाया। गले लगकर सबने एक-दूसरे को नए साल की बधाई दी। व्यापारियों ने परंपरा के मुताबिक, पुराने खातों को नए से बदला। सबने विधि-विधान के साथ माता लक्ष्मी की पूजा की। हीरापुर के हरि मंदिर, चिल्ड्रेन पार्क, लिंडसे क्लब, दुर्गा मंदिर आदि जगहों पर सांस्कृतिक आयोजनों का देर शाम तक लोग लुत्फ उठाते रहे।
हीरापुर के लिंडसे क्लब में नृत्य-गीत के कार्यक्रम हुए और बच्चों के लिए विभिन्न तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। मंजुलिका, सैकत, कुषाण, आविर्भाव, स्वर्णाम, अर्पिता, सौमी, नीता आदि ने अपने शानदार नृत्य-गान से दर्शकों-श्रोताओं को मुग्ध कर दिया। पुरानो से दिनेर कथा, खिरकी थेके सिंहदुआर..., आमि तारेई जानि, ए बछर होक अन्य बछर, बेजे जाय की रागिनी... आदि गीतों पर लोग झूमते रहे। क्लब के सचिव अश्वनी नंदी, तपन राय आदि ने सभी को नए साल की बधाई दी। हीरापुर हरि मंदिर परिसर में भी बंगाल के बांकुड़ा, विष्णुपुर से अाए तपन रक्षित एंड ग्रुप ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए। देर रात तक वहां महफिल जमी रही। आयोजन में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बुद्धदेव बनर्जी, सचिव कृष्ण गोपाल डे, अशोक चटर्जी, संतोष प्रमाणिक, सुदीप विश्वास, गोलाई चटर्जी, पार्थो सेनगुप्ता, श्रीमंतो राय, सोमेन चटर्जी आदि सक्रिय रहे।
हीरापुर के चिल्ड्रेन पार्क में नाटिका प्रस्तुत करते कलाकार।
अमय, अभिक और अभिषेक ने मारी बाजी
इधर, चिल्ड्रेन पार्क में चित्रकला प्रतियोगिता हुई। ग्रुप ए में अमय भगत प्रथम, रुदनील चौधरी द्वितीय और रोशन कुमार तृतीय रहे। ग्रुप बी में अभिक सिन्हा, कृष्णेंद्र दास शर्मा और नीलीशा चौधरी तथा ग्रुप सी में अभिषेक सिंह और शोमजीत राय सर्वश्रेष्ठ रहे। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के बोलपुर से आए आशीष चक्रवर्ती, चंदना दास, सोनाई दास, साधन, राजू दास आदि ने बाउल गीत-संगीत से लोगों को खूब झुमाया। आयोजन में ज्योतिर्मय सरकार, शिव प्रसाद मित्रा, पार्थो मुखर्जी, सपन मुखर्जी, राजीव, मिथु च्रंद्रा आदि ने अहम भूमिका निभाई।
दुर्गा मंदिर में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम
हीरापुर के दुर्गा मंदिर रीलिजियस एंड चैरिटेब्ल ट्रस्ट की ओर से आयोजित समारोह की शुरुआत संगठन के अध्यक्ष कंसारी मंडल ने कवि रविंद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कराया। गीत-संगीत पर लोग देर रात तक झूमते रहे। संचालन बरनाली गुप्ता ने किया। आयोजन में नित्यव्रत दे, डोरा मंडल, अर्ध सरकार, हारु दे ने सक्रिय भूमिका निभाई। जगजीवन नगर मैदान में भी कार्यक्रम हुआ। आयोजन में अनिल लाल, तारक नाथ दाास, संदीप आदि ने अहम भूमिका निभाई।