पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Dhanbad
  • अक्षय तृतीया अाज; बाजार में रौनक, जेवर दुकानों और वाहनों के शोरूमों में एडवांस बुकिंग, रियल स्टेट सेक्टर में भी आया बूम

अक्षय तृतीया अाज; बाजार में रौनक, जेवर दुकानों और वाहनों के शोरूमों में एडवांस बुकिंग, रियल स्टेट सेक्टर में भी आया बूम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अक्षय तृतीया बुधवार को है। खरीदारी के लिए शुभ माने जाने वाले इस दिन के लिए धनबाद में ज्वेलरी, ऑटोमोबाइल और प्रॉपर्टी बाजार में खास तैयारी है। हर तरफ से ग्राहकों पर ऑफरों की बरसात हो रही है। परंपरा के अनुसार, इस दिन सबसे ज्यादा गहनों की खरीदारी होती है। इसलिए ज्वेलरी दुकानों में काफी चहल-पहल है। दोपहिया, चार पहिया वाहनों के साथ फ्लैट और जमीन के कारोबार में भी तेजी है। अलग-अलग सेक्टर के कारोबारियों से बातचीत के मुताबिक, अक्षय तृतीया पर धनबाद में 70 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। शास्त्रों के अनुसार अक्षय तृतीया पर खरीदी गई वस्तु का क्षय नहीं होता। इसलिए लोग इस दिन कीमती धातु ही सबसे ज्यादा खरीदते हैं। इस वर्ष सोने के भाव और ज्वेलर्स की ओर से दिए जा रहे ऑफर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। सर्राफा बाजार में अक्षय तृतीया के लिए ग्राहकों को प्रति 10 ग्राम सोने के गहनों की खरीदारी पर डेढ़ से चार हजार रुपए तक का डिस्काउंट ऑफर किया जा रहा है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले साल इस दौरान सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 30 हजार रुपए से अधिक था, जो अभी 29 हजार रुपए के करीब है।

Rs.20 करोड़ की ज्वेलरी, 1200 कार-बाइकों की होगी डिलीवरी

उम्मीद : प्रॉपर्टी बाजार में भी रौनक

अक्षय तृतीया से प्रॉपर्टी बाजार में भी उम्मीद जगी है। लंबे समय से मंद चल रहे प्रॉपर्टी बाजार में भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। कहीं बुकिंग पर कैश डिस्काउंट, तो कहीं आकर्षक उपहार देने की घोषणा की गई है।

रियल इस्टेट कारोबारियों ने अक्षय तृतीया पर धनबाद में 100-150 फ्लैट की बुकिंग का अनुमान लगाया है।

सड़क पर आएंगे 1200 हजार वाहन : वाहनों की बिक्री भी अक्षय तृ़तीया पर खूब होगी। शहर में विभिन्न कंपनियों के शोरूम में दोपहिया और चार पहिया वाहनों की अच्छी बुकिंग हुई है। अधिक डिमांड से चार पहिया वाहनों के कुछ मॉडल अब उपलब्ध नहीं हो रहे। शोरूम संचालक अक्षय तृतीया के बाद डिलीवरी देने की शर्त ग्राहकों के सामने रख रहे हैं। ऑटोमोबाइल सेक्टर के जानकार अक्षय तृतीया पर धनबाद के शोरूमों से 300-350 फोर व्हीलर और करीब 900 बाइक्स की डिलीवरी होने का अनुमान लगा रहे हैं। रिलायबल के गोपाल चटर्जी कहते हैं कि अक्षय तृतीया के प्रति ग्राहकों में भारी उत्साह है।

यह कहते हैं कारोबारी

अक्षय तृतीया पर ग्राहकों को प्रति दस ग्राम हॉलमार्क सोने के आभूषण की खरीदारी पर 3.5 हजार रुपए छूट देने की घोषणा की गई है। एडवांस पेमेंट देकर बुकिंग कराने की सुविधा भी ग्राहकों को दी जा रही है।’’ - चेतन गोयनका, संचालक, न्यू चेतन ऑरनामेंट, धनबाद

अक्षय तृतीया पर गहनों की खरीदारी शुभ मानी जाती है। तनिष्क हमेशा ग्राहकों की पसंद और सुविधा का ख्याल रखता है। इस शुभ मुहूर्त पर शोरूम में नए डिजाइन के गहनों का विशाल संग्रह उपलब्ध कराया गया है।’’ - हरगोविंद अग्रवाल, संचालक, तनिष्क, धनबाद

अक्षय तृतीया के दिन 15 रजिस्ट्री होगी। लोगों का रूझान सोसाइटी में अपना घर खरीदने को लेकर बढ़ा है। इसका कारण है कि लोग सोसाइटी में खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। -श्याम पांडेय, सीएमडी, 99 ग्रुप ऑफ कंपनी, धनबाद

खबरें और भी हैं...