धनबाद. धनबाद ने एचपी बोधनवाला सीनियर क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर लीग में जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए रांची को सात विकेट से बुरी तरह धो दिया। उधर जेएससीए स्टेडियम में खेले गए सुपर लीग के एक अन्य मुकाबले में जमशेदपुर ने पाकुड़ को 184 रनों से हरा दिया।
ओवल मैदान में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करती हुई रांची की टीम 48:2 आेवर में 235 रनों पर आउट हो गई। बाबुल कुमार ने 96 गेंदों पर 98 रनों की उम्दा पारी खेली, लेकिन वे दो रन से अपना शतक चूक गए। इसके अलावा अनिर्बन चटर्जी ने 37, कौशल सिंह ने 27 और प्रकाश मुंडा ने 27 रन बनाए। धनबाद के अमित राज मिश्रा ने 48 पर तीन, प्रतीक रंजन ने 37 पर दो और आसिफ मंसूरी ने 41 पर दो विकेट चटकाए। बाद में धनबाद ने शिवम शर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की मदद से 32:3 अोवर में ही तीन विकेट पर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। शिवम 58 गेंदों पर आठ चौके व छह छक्के की मदद से 83 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं सुरिंदर दहिया 27 रन पर नाबाद रहे। आनंद सिंह ने 61 गेंदों पर आठ चौके व दो छक्के की मदद से 64 और हसनैन कुरैशी ने 34 रन बनाए। रांची के संकट मोचन ने 46 और श्वेताभ उपाध्याय ने 46-46 रन देते हुए एक-एक विकेट चटकाए। मैच ऑफ द मैच चुने गए शिवम शर्मा को जेएससीए सीनियर चयन समिति के चेयरमैन आशीष सिन्हा ने पुरस्कार प्रदान किया।
शिवम शर्मा को पुरस्कृत करते आशीष सिन्हा।