काउंसिल फॉर दि इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने 12वीं के परिणाम जारी करने के बाद अब जेईई एडवांस के लिए टॉप 20 पर्सेंटाइल घोषित कर दिया है। काउंसिल ने जेईई एडवांस के लिए सामान्य वर्ग का कट ऑफ स्कोर 438 रखा है, जबकि ओबीसी का 427, एससी का 415 और एसटी का 387 रखा गया है। इस संबंध में काउंसिल ने सभी प्राचार्यों के नाम आदेश भी जारी कर दिया है। इसके बाद काउंसिल के टॉप 20 पर्सेंटाइल के दायरे में आनेवालों ने तैयारी तेज कर दी है।
दरअसल, जेईई एडवांस में शामिल होने के लिए 12वीं में कम-से-कम 75% अंक होने चाहिए। इतने अंक नहीं हैं, तो संबंधित बोर्ड या काउंसिल की ओर से जारी टॉप 20 पर्सेंटाइल में उसके नंबर अाने चाहिए। इसी आधार पर उन्हें जेईई एडवांस में शामिल होने का मौका मिलता है।
जेईई एडवांस : रफ वर्क के लिए मिलेगा नोट पैड
20 मई को देशभर में होने वाले जेईई एडवांस के कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट में छात्रों को रफ वर्क करने के लिए अलग से नोट पैड भी दिया जाएगा। मतलब परीक्षार्थी कंप्यूटर पर सही उत्तर चुनने से पहले सवालों को कागज पर सॉल्व करके देख सकते हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद नोट पैड को भी सेंटर पर जमा कर देना होगा। अगर परीक्षार्थी समय खत्म होने से पहले ही सभी सवालाें को हल कर लेता है, तो भी उसे परीक्षा समाप्त होने तक केंद्र में ही रुकना होगा।
कलर कोडिंग से पता चलेगा, किस प्रश्न काे हल कर लिया | कंप्यूटर स्क्रीन पर आने वाले सवालों की कलर कोडिंग के जरिए पहचान की जा सकती है। इससे छात्र कंफ्यूज नहीं होंगे कि कौन-सा सवाल उसने सॉल्व कर लिया है और कौन-सा बाकी है। कलर के जरिए वे यह भी जान सकेंगे कि किस प्रश्न को उन्होंने दोबारा चेक किया है और किसे नहीं। कलर की कोडिंग एग्जाम शुरू होने से पहले ही स्क्रीन पर बता दी जाएगी।
डाउनलोड एडमिट कार्ड दिखाने पर मिलेगा ऑरिजनल एडमिट कार्ड | परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी को डाउनलोड किया गया एडमिट कार्ड दिखाना होगा। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक की ओर से उन्हें ऑरिजनल एडमिट कार्ड दिया जाएगा। इस एडमिट कार्ड को आईआईटी में एडमिशन तक संभालकर रखने की जिम्मेदारी परीक्षार्थी की होगी।