धनबाद | माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने कहा है कि हाई स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों का स्थानांतरण भी जिलास्तरीय स्थापना समिति ही करेगी। जिला स्तरीय कैडर होने के कारण राज्य के सभी कोटि के हाई स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों का स्थानांतरण या पदस्थापन उनके नियुक्त हुए जिले में ही किया जाना है। हालांकि कुछ शिक्षकों का दूसरे जिलों में तबादला किया गया है। इससे वेतन भुगतान में समस्या आ रही है। मामला सीएम जनसंवाद में भी उठा है। इस वजह से दूसरे जिलों में हुए स्थानांतरण के आदेश को रद्द किया जाता है। एक सप्ताह में संबंधित शिक्षकों को उनके मूल जिले के मूल विद्यालय में योगदान दिलाया जाए, तभी वेतन भुगतान होगा। तबादले की अवधि को प्रतिनियुक्ति अवधि माना जाएगा। ऐसा नहीं करने पर संबंधित डीईओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।