भगतडीह|एना कोलियरी बाउरी बस्ती स्थित श्रीहरि मंदिर प्रांगण में एक महीने से चल रहे अखंड हरि कीर्तन का समापन बुधवार को हो गया। मंगलवार को रात भर हरि कीर्तन हुआ। इसमें धनबाद, निरसा, बलियापुर, सुलुंगा, सिंदरी, बोकारो व पश्चिम बंगाल से आई टीम ने लोगों को भक्ति के रंग रंग दिया। रातभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। वहीं सुबह 9 बजे हवन किया गया। गुरुवार सुबह महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर स्वागत किया। जबकि सुहागिनों ने रातभर कीर्तन करने वालों के पैरों में अबीर लगाकर पति की लंबी उम्र की कामना की। मंदिर के पुरोहित दयासागर पांडेय ने बताया कि यह बांग्ला बैसाख के उपलक्ष्य पर होता है। एक महीने तक नगर कीर्तन कर नगर में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की जाती है। गौरांगो महाप्रभु की तरह यहां के युवा भक्ति में रम जाते हैं। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष मथुरा बाउरी, कोषाध्यक्ष राजू बाउरी, सचिव छोटे बाबू, सुब्रतो बाउरी, विकास बाउरी, सचिन बाउरी, पिंटू बाउरी, बालू बाउरी, राजेश बाउरी, बादल बाउरी, भोला बाउरी आदि उपस्थित थे। अखिल भारतीय बाउरी समाज के जिला प्रवक्ता बप्पी बाउरी ने सभी को धन्यवाद दिया। बप्पी ने बताया कि आठ दिन बाद खिचड़ी महाभोग का आयोजन होता है। इसमें सांसद पशुपतिनाथ सिंह, झरिया विधायक के अनुज मनीष सिंह, पूर्व विधायक कुंती देवी, जमसं नेता गया सिंह, पार्षद शैलेंद्र सिंह आदि को आमंत्रित किया जाएगा।