बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) जल्द ही धनबाद और बोकारो के कॉलेजों के लिए परीक्षाएं आयोजित करने लगेगा। यह विवि प्रशासन की प्राथमिकता सूची में शामिल है। इससे विवि के लिए फंड जेनरेट करने में मदद मिलेगी। ये बातें बीबीएमकेयू के नवनियुक्त कुलपति डॉ अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने कहीं। वे विवि के पहले नियमित कुलपति होंगे। विवि की स्थापना की घोषणा होने से लेकर अब तक बीआईटी सिंदरी के निदेशक डॉ डीके सिंह इसके प्रभारी कुलपति थे। डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि आने वाले दिनों में विवि एक्ट के सेक्शन 76 के तहत विनोबा भावे विवि से शिक्षकों, कर्मियों और दायित्यों का बंटवारा किया जाएगा। फिर विवि में परीक्षा समेत अन्य विभाग काम करने लगेंगे। गौरतलब है कि राजभवन ने बीबीएमकेयू के लिए रांची विवि के बॉटनी डिपार्टमेंट के डॉ अंजनी कुमार श्रीवास्तव को कुलपति और मैथ डिपार्टमेंट के अनिल कुमार महतो को प्रतिकुलपति नियुक्त करने का आदेश जारी किया है।
डॉ एके श्रीवास्तव
डीयू-बीएचयू की तर्ज कर बनेगा कुरिकुलम
नए कुलपति डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि बीबीएमकेयू नया विवि है, इसलिए हमारे पास इसकी नींव मजबूत करने का मौका है। विवि का कुरिकुलम ऐसा तैयार किया जाएगा, जो पूरी तरह से सीबीसीएस पर आधारित हो। इसके लिए डीयू और बीएचयू के सिलेबस का भी अध्ययन किया जाएगा। विवि प्रशासन का एकमात्र मकसद अधिक-से-अधिक स्टूडेंट को रोजगार के लायक तैयार करना होगा। इसके लिए सिलेबस को इंडस्ट्री के अनुरूप तैयार करना जरूरी है।
पीके राय कॉलेज और एसएसएलएनटी कॉलेज की बेहतरी पर होगा फोकस
कुलपति ने कहा कि सरकार ने पीके राय कॉलेज को प्रीमियर कॉलेज के रूप में चुना है। इसलिए इसे हर तरह से बेहतर बनाने की कोशिश की जाएगी। कॉलेज को सीखने के मंदिर के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही एसएसएलएनटी महिला कॉलेज भी राज्य का काफी पुराना और प्रतिष्ठित महिला कॉलेज है। इस कॉलेज को ऑटोनोमस कराना भी प्राथमिकता होगी।
यूजीसी से मान्यता दिलाना प्राथमिकता
कोयलांचल विवि को अनुदान के लिए यूजीसी से मान्यता दिलानी जरूरी है। डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि योगदान देने के बाद उनकी प्राथमिकता सूची में यही काम सबसे ऊपर होगा। अपने कार्यकाल में ही विवि का नैक एक्रेडिटेशन कराना भी प्राथमिकता होगी।
परीक्षा और परिणाम को नियमित करना प्राथमिकता : डॉ महतो
बीबीएमकेयू के नवनियुक्त प्रतिकुलपति डॉ अनिल कुमार महतो ने भास्कर रिपोर्टर से फोन पर हुई बातचीत में कहा कि विवि की परीक्षाएं समय पर हों और उनका रिजल्ट समय पर जारी किया जाए, यह उनकी प्राथमिकता होगी। यूजी की पढ़ाई को सुचारू रूप से संचालित करना है। नया विवि होने के नाते यहां काम करने की काफी संभावना है। विवि को राज्य के बेस्ट यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। डॉ महतो को रांची विवि में काफी लंबे समय तक परीक्षा नियंत्रक रहने का अनुभव है। इसलिए उनका फोकस परीक्षा विभाग पर रहेगा।