सिजुआ में सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
भेलाटांड़-जोगता मुख्य मार्ग पर टाटा सिजुआ एक नंबर के पास की दुर्घटना
भास्कर न्यूज|सिजुआ
भेलाटांड़-जोगता मुख्य मार्ग पर टाटा सिजुआ एक नंबर के समीप शुक्रवार की सुबह बाइक के धक्के से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। मृतक वृहस्पति तूरी जोगता फायर एरिया का निवासी बताया जाता है। घटना के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव पहुंचते ही जोगता फायर एरिया के लोग आक्रोशित हो उठे। मुआवजे की मांग को लेकर परिजन सहित ग्रामीणों ने शव का दाह संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजन सहित ग्रामीणों ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को मुआवजा नहीं दिया जाता तब तक शव का दाहसंस्कार नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो शव को थाना के मुख्य द्वार पर मुआवजा मिलने तक रख दिया जाएगा। मौके पर मौजूद वार्ड पार्षद धर्मेंद्र कुमार महतो व नंद दुलाल सेनगुप्ता एवं जोगता थानेदार शंकर कुमार ने परिजन व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने न्याय का भरोसा दिलाया। विधायक ने पीड़ित परिवार को 20 हजार दिए।
पीने का पानी लेकर जोड़ मोड़ से आ रहा था| वृहस्पति तूरी बताया जाता है कि सिजुआ जोगता फायर एरिया निवासी वृहस्पति तुरी सुबह 6 बजे पीने का पानी लेकर साइकिल से जोगता मोड़ की ओर से आ रहा था। इसी क्रम में बिना नंबर की बाइक के चालक ने टाटा सिजुआ एक नंबर के समीप उसे धक्का मार दिया। इससे वृहस्पति तूरी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोग उसे आनन फानन में कतरास के एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेज दिया। इलाज के लिए धनबाद ले जाने के क्रम में रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक का पुत्र राजू तूरी दूसरे राज्य में दैनिक मजदूरी करता है। वृहस्पति यहां अपनी बहू के साथ रहता था। इस संबंध मे जोगता पुलिस ने मृतक की पुत्रवधु लक्ष्मी देवी की लिखित शिकायत पर कांड अंकित किया है।