स्व सकलदेव सिंह के भाई विनोद सिंह के दो पुत्रों पर शनिवार को अपहरण का आरोप लगा। कतरास निवासी जय राजगढ़िया ने दोनों भाई अमृत सिंह व अमित सिंह पर अपने भाई पंकज राजगढ़िया का अपहरण करने व रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। जोगता पुलिस ने कांड अंकित कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ दस नंबर की बताई जाती है। जय राजगढ़िया ने एसपी को मामले की विस्तृत जानकारी वाट्स एप पर देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। जय राजगढ़िया ने जोगता पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि दोपहर 12 बजे वह हुंडई कार में प|ी तथा अन्य परिजन के साथ पिता के श्राद्ध कर्म के लिए सामान लाने धनबाद जा रहा था। सिजुआ 10 नंबर मोड़ के समीप उसकी कार की टक्कर क्रेटा वाहन से हो गई। टक्कर के बाद क्रेटा से अमृत सिंह तथा अमित सिंह उतरे और मारपीट करने लगे। दो लाख रुपया बतौर रंगदारी की मांग की। जय ने क्षतिपूर्ति करने की बात कही, लेकिन वे लोग मानने को तैयार नहीं थे। उन्होंने भाई पंकज राजगढ़िया को बुलाया। भाई के पहुंचते ही दोनों ने कहा कि अपने परिवार को छोड़कर और पैसा लेकर वापस आओ। तब तक तुम्हारा भाई हमारे कब्जे में रहेगा। इसके बाद मेरे भाई ने उनलोगों को पचास हजार रुपया भी दिया, लेकिन उनलोगों ने अधिक पैसा की मांग करते हुए भाई को बंधक बना लिया। काफी देर बाद जब भाई वापस नहीं लौटा तो अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस संबध में जोगता पुलिस ने जय राजगढ़िया की लिखित शिकायत पर कांड अंकित कर छानबीन प्रारंभ की है।