पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Jharkhand
  • Dhanbad
  • रमजान पर भी नहीं मिला पानी, लोगों का आक्रोश फूटा, आरा मोड़ किया जाम

रमजान पर भी नहीं मिला पानी, लोगों का आक्रोश फूटा, आरा मोड़ किया जाम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रमजान के अवसर पर भी नहीं मिला पानी...। जलसंकट झेल रहे वासेपुर के लोगों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा। जन कल्याण मोर्चा के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में लोग घरों से निकल पड़े। आरा मोड़ जाम कर लोग धरना पर बैठ गए। आंदोलन में वासेपुर, आरा मोड़, मटकुरिया रोड, लाला टोला सहित अन्य मोहल्ले के लोग शामिल हुए। लोग शाम 6 बजे तक धरना पर बैठे रहे, पर उनसे बात करने के लिए न विभाग का अधिकारी पहुंचा और न ही जनप्रतिनिधि...। इससे लोगों का आक्रोश बढ़ गया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मुरतजा खान ने कहा कि चार घंटे तक लोग धरना पर बैठे रहे, पर स्थानीय पार्षद, नगर निगम या पीएचईडी के किसी भी अधिकारी ने सुध नहीं ली। शाम 6 बजने के बाद लोगों ने धरना स्थल पर ही इफ्तार किया और रोजा खोला। आंदोलन कर रहे लोगों ने इस स्थिति को अंधेर नगरी और चौपट व्यवस्था का नाम दिया। लोगों का कहना था कि पैसा देने के बाद भी सही से सप्लाई पानी नहीं मिल रहा है। रमजान शुरू हो गया है, पर इसका भी ख्याल अधिकारियों को नहीं है। आक्रोशित लोगों ने कहा कि अगर जलापूर्ति नहीं सुधारी तो आंदोलन उग्र होगा। इस दौरान पारो खान, अंजुमन परवेज, सैयद राबिन, मासूम हसन, गयास खान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

4 घंटा तक धरना पर बैठने के बाद भी कोई जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी नहीं आए, शाम 6 बजे धरनास्थल पर खोला रोजा, किया इफ्तार

पानी के लिए वासेपुर के आरा मोड़ में सड़क जाम करते लोग।

आखिर क्यों गहराया जल संकट?

वासेपुर में जलसंकट का सबसे बड़ा कारण अधिकारियों की लापरवाही है। यहां का पाइप 13 मई को फटा था, जिसे बनाने में विभाग को 5 दिनों का समय लग गया। विभाग की इस धीमी मरम्मत कार्य से इन क्षेत्रों में जलसंकट गहराया।

मोइमिन निशा : रोजा पर पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। लेकिन सप्लाई पानी नहीं मिलने के कारण चापानलों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। सेहरी और इफ्तार की तैयारी के बदले पानी की जुगाड़ में भटकना पड़ रहा है।

मो. शकील : सप्लाई पानी नहीं मिलने के कारण चापानल से पानी भर कर ले जाना पड़ रहा है। दिनभर रोजा रखने के बाद पानी की जुगाड़ में इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

गुफरान आलम : पैसा देने के बाद भी सही से लोगों को पानी-बिजली नहीं मिल रही है। इस रमजान के महीने पर बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। आरा मोड़ के लोग एक सप्ताह से पानी के लिए परेशान हैं। लेकिन, प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।

मो. शनैउर : नगर निगम क्षेत्र में रहने के बाद भी लोगों को सही से बिजली-पानी नहीं मिल रहा है। नगर निगम सिर्फ पैसा लेता है। लेकिन, सुविधा के नाम पर लोगों को कुछ नहीं दे रहा है।

प्यास पर डीडब्ल्यूएसडी का बयान : डीडब्ल्यूएसडी के एई राहुल प्रियदर्शी ने कहा कि वासेपुर पानी टंकी से एक टाइम पानी सप्लाई की गई है। पानी संकट को लेकर कोई पब्लिक शिकायत भी नहीं मिली है। स्थानीय पार्षद से सड़क जाम की जानकारी मिली। अगर किसी क्षेत्र में पानी नहीं मिला है तो फिर से जलापूर्ति की जाएगी।

वासेपुर... बूंद-बूंद को तरसा

छोटी उम्र और पानी की लंबी लाइन में खड़े हैं

स्थान : आरा मोड़ दिन के 10:15 बजे

उम्र छोटी है...। कोई 10 साल की है तो कोई 11 साल की...। घर में पानी है नहीं, इसलिए ये बच्चियां पानी की जुगाड़ में जुटी है। मोहल्ले के चापानल में लगी लंबी लाइन में वे नंबर लगा कर खड़ी हैं। उन्हें अपनी बारी का इंतजार है।

रमजान का महीना है, पानी सिर पर ढो कर ला रहे

स्थान : वासेपुर मटकुरिया रोड स्थित लालाटोला समय : दिन के 10:30 बजे

पांच दिनों से नल सूखा पड़ा है। घर में इतना भी पानी नहीं बचा कि किसी की प्यास बुझ सके। मोहल्ले की महिलाएं काली मंदिर स्थित चापानल से पानी लाने में सुबह से लगी हुई हैं। रमजान के इस पवित्र महीने में इनका पूरा दिन सिर पर पानी ढोने में बीत रहा है।

एक चापानल और भीड़ दर्जनों की...

स्थान : वासेपुर मटकुरिया रोड समय : दिन के 10:45 बजे

एक ही चापानल पानी दे रहा है...। इस चापानल से पानी लेने की होड़ मची है। दर्जनों लोग पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हर किसी को पानी चाहिए। पर यहां से पानी ले पाना सभी के बस की बात नहीं है। घंटों इंतजार के बाद एक बाल्टी ही पानी मिल पा रहा है।

खबरें और भी हैं...