दो बाइक पर सवार 4 अपराधियों ने कार का पीछा किया...। एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने पुल पर कार के आने का इंतजार किया...। कार जैसे ही पुल पर पहुंची, पहले से वहां मौजूद दो अपराधियों ने उसे रोक दिया। पीछे-पीछे आ रहे दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने गोलियां की बौछार कर दी...। धनबाद में एकबार फिर नीरज सिंह हत्याकांड के स्टाइल में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने इस बार भाजपा कार्यकर्ता संदीप मोदी उर्फ टेनू को निशाना बनाया। घटना शनिवार को सुबह 8:45 बजे तब घटित हुई, जब संदीप जिम से प्योर धनसार स्थित अपने आवास लौट रहे थे। गोधर काली बस्ती पुल के पास अपराधियों ने उनकी कार को घेर कर उन पर फायरिंग की। संदीप को 7 गोलियां लगीं। वे कार में ही गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग पुल की ओर दौड़े। लोगों को आता देख सभी अपराधी फरार हो गए। स्थानीय लोग संदीप को पीएमसीएच ले गए, जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल से 9 एमएम पिस्तौल का 7 खोखा और 1 जिंदी गोली बरामद किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
संदीप कुमार
गोधर की काली बस्ती में 3 बाइक पर सवार 6 अपराधियों ने दिनदहाड़े हत्या कर फैलाई दहशत, पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज
फॉलो किया नीरज हत्याकांड का प्लान
सुबह 7
बजे : संदीप हर दिन की तरह अपनी कार से बैंकमोड़ गुरुद्वारा के पास स्थित रॉक जिम पहुंचे। अपराधी भी बैंकमोड़ पहुंचे और उन पर नजर रखने लगे। ठीक वैसे ही, जैसे नीरज के झरिया पहुंचते ही उन पर नजर बना ली थी।
8:30 बजे : संदीप जिम से बाहर निकले। घर जाने के लिए उन्होंने काली बस्ती का रास्ता चुना। गिरोह के चार अपराधी दो बाइकों से पीछा करने लगे। इससे गिरोह को संदीप का लोकेशन मिलता रहा। ठीक वैसे ही, जैसे नीरज का हर लोकेशन शूटरों तक पहुंच रही थी।
8:45 बजे : संदीप की कार पुल पर जैसे ही पहुंची, वहां पहले से मौजूद दो अपराधियों ने उनकी कार रोक दी। पीछे-पीछे आ रहे अपराधियों ने पुल पर पहुंच तीन तरफ से उनकी कार पर फायरिंग शुरू कर दी। ठीक वैसे ही, जैसे नीरज पर तीन तरफ से गोलियां चलाई गई थी।
आउटसोर्सिंग पर कब्जे की जंग में बहा खून
संदीप की हत्या कारण आउटसोर्सिंग विवाद है। मृतक का नाम कुसुंडा क्षेत्र के लोडिंग प्वाइंट और आउटसोर्सिंग पर वर्चस्व की लड़ाई में कई बार सामने आ चुका था। पुलिस का कहना है कि संदीप गोधर स्थित एक आउटसोर्सिंग कंपनी में काम करता था। वह भाजपा नेता शंकर विश्वास का समर्थक था। आउटसोर्सिंग में वर्चस्व बनाने के लिए उसने वहां अपनी धाक भी जमाई थी।
भाई का आरोप : गुड्डू सिंह से थी अदावत
मृतक का बड़ा भाई सूरज मोदी ने सांसद पीएन सिंह का भतीजा अमरेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। सूरज का कहना है कि गुड्डू की संदीप से अदावत थी। गुड्डू ने संदीप को जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं, पिता नेपाल प्रसाद मोदी ने पीएमसीएच में पुलिस को दिए गए बयान पर अज्ञात छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
सोचा घायल है, अस्पताल पहुंचे तो मृत पड़ा था बेटा
मृतक के पिता नेपाल प्रसाद मोदी को उनके छोटे बेटे ने फोन कर कहा था कि संदीप के साथ मारपीट हो रही है। नेपाल मोदी भागे-भागे काली बस्ती पुल पहुंचे तो वहां संदीप नहीं मिला। वे सेंट्रल अस्पताल पहुंचे। वहां भी संदीप नहीं मिला। फोन करने पर पता चला कि सेंट्रल अस्पताल में संदीप बेहोश पड़ा है। सेंट्रल अस्पताल पहुंचने पर पिता को पुत्र की लाश मिली।
दर्ज थे तीन मामले : आर्म्स एक्ट में दो बार जेल चुका था संदीप
संदीप आर्म्स एक्ट में दो बार जेल जा चुका था। पुलिस ने बताया कि 21 जून 2014 में संदीप सहित 19 पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। साथ ही दो अन्य मामले भी दर्ज थे।