धनबाद|शहरवासियों को शनिवार को लगातार चौथे दिन बिजली संकट झेलना पड़ा। शुक्रवार देर रात पावर कट के बाद सुबह में तीन घंटे और फिर शाम में भी शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल रही। इस वजह से शहरवासियों को पानी की कमी से भी जूझना पड़ा। 19 में से 18 जलमीनारों से पानी सप्लाई करने में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अफसरों को रात हो गई।
घंटों बिजली गुल रहने से चीरागोड़ा के जलमीनार से देर रात तक जलापूर्ति संभव हुई। कंट्रोल रूम के अनुसार, भेलाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली नहीं रहने से संकट उत्पन्न हुआ। अधिकारियों ने कहा कि बिजली आने के बाद प्लांट से जलमीनारों के लिए पानी छोड़ा गया।