पप्पू के शतक से धनबाद विजयी, ग्रुप में शीर्ष पर
पप्प्ू सिंह को पुरस्कृत करते कुलदीप सिंह।
धनबाद|धनबाद ने एचपी बोधनवाला क्रिकेट टूर्नामेंट के आखिरी लीग मुकाबले में पाकुड़ को 118 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही ग्रुप बी में टॉप रहते हुए धनबाद की टीम सुपर लीग में प्रवेश कर गई है। पाकुड़ की टीम दूसरे स्थान पर रहते हुए सुपर लीग के लिए क्वालीफाई कर गई। वहीं ग्रुप ए से जमशेदपुर और रांची की टीम सुपर लीग में पहुंची है। रांची के आेवल मैदान में मंगलवार को टॉस जीतकर पाकुड़ ने धनबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। विकेटकीपर बल्लेबाज पप्पू कुमार सिंह के 145 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी की मदद से धनबाद ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 358 रन बनाए। इसमें उन्होंने 17 चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा सुरिंदर दहिया ने 59 (चार चौके, तीन छक्के), आइएच खान ने 54 (20 गेंद, दो चौके, सात छक्के), हसनैन कुरैशी ने 42 और आनंद सिंह ने 38 रन बनाए। पाकुड़ के शाहबाज अहमद ने 45 पर चार और छोटू सरकार ने 71 पर दो विकेट लिए।
बाद में पाकुड़ की टीम 39 ओवर में 240 रन पर आउट हो गई। शाहबाज अहमद ने 44, मो अजहरुद्दीन ने 37, गौरव चौधरी ने 35, आलोक शर्मा ने 28, रोहित महतो ने 28 और आकाश शर्मा ने 24 रन बनाए। धनबाद के राहुल प्रसाद ने एक बार फिर शानदार गेंदबाजी करते हुए 39 रनों पर पांच विकेट लिए। लगातार दो मैचों में उन्होंने पांच-पांच विकेट लिए। आइएच खान ने 26 पर दो, अमित राज मिश्रा ने एक और आसिफ मंसूरी ने एक विकेट चटकाए। मैन ऑफ द मैच चुने गए पप्पू कुमार सिंह को मैच रेफरी कुलदीप शर्मा ने पुरस्कार प्रदान किया।