महागठबंधन कर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस ज्यादा सीटों वाली पार्टी करेगी नेतृत्व
धनबाद|कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने मंगलवार को धनबाद में पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कर्नाटक चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि जनता का मत भाजपा को स्वीकार करना चाहिए। पोस्ट पोल एलायंस के आधार पर कांग्रेस और जनता दल (एस) को मिलाकर बहुमत हासिल है। इसलिए इन दोनों पार्टियों की सरकार बननी चाहिए। लेकिन, भाजपा पर्दे के पीछे से राज्यपाल के जरिए सरकार बनाने की जोड़-तोड़ कर रही है। डॉ अजय ने कहा कि अगले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराने के लिए झारखंड में विपक्षी दलों का महागठबंधन बनाया जाएगा। झामुमो, जेवीएम, राजद आदि पार्टियों से बात हो चुकी है। अन्य पार्टियों से बात चल रही है। यह पूछने पर कि विस चुनाव में महागठबंधन का नेतृत्व कौन करेगा, डॉ अजय ने कहा कि इस पर अभी से कुछ कहना ठीक नहीं है। विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद जो पार्टी सबसे बड़ी बनकर उभरेगी, सरकार बनने पर वही नेतृत्व करेगी। मौके पर पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, आेपी लाल, पार्टी के जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह, अजय दुबे, वैभव सिन्हा आदि मौजूद थे।
जो जिलाध्यक्ष काम नहीं करेंगे, हटाए जाएंगे : प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व का प्रयास पूरे राज्य में संगठन काे मजबूत करना है। जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने जिले में प्रखंड, थाना, पंचायत और बूथ स्तर पर कमेटी बनाकर संगठन को मजबूत करें। जो जिलाध्यक्ष संगठन की मजबूती के लिए काम नहीं करेंगे, उन्हें हटाया जाएगा। प्रदेश स्तर पर संगठन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा।