डीवीसी आज से साढ़े तीन घंटे काटेगी शहर की बिजली
शहर में आज से बिजली संकट गहरा जाएगी। डीवीसी ने गर्मी में बढ़ी लोड को देखते हुए बुधवार से शहर में 4 घंटे लोडशेडिंग करने की घोषणा की है। डीवीसी ने बिजली कटौती का यह समय हर क्षेत्र के लिए अलग-अलग तय की है। डीवीसी ने लोडशेडिंग के समय से झारखंड बिजली वितरण निगम को अवगत करा दिया है। डीवीसी ने बताया है कि गर्मी के बढ़ते ही सभी फीडरों पर लोड बढ़ गया। इससे ट्रिपिंग हो रही है। बिजली सप्लाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लोडशेडिंग करनी पड़ेगी। दिन और शाम में ओवरलोड की स्थिति अधिक बन रही है। इसलिए, इसी समय में पावर कट करना जरूरी है। डीवीसी ने कहा कि पूरे शहर में एक साथ लोडशेडिंग नहीं होगी। लोड कम करने के लिए हर दिन अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग समय में बिजली कटौती की जाएगी। मौसम को देखते हुए लोडशेडिंग के समय में परिवर्तन किया जाएगा।
अब रोजाना दिन में 11 से 12 बजे तक और 2 से 3:30 बजे तक नहीं रहेगी बिजली, शाम में 7:30 बजे से 8:30 बजे तक पावर कट
जानिए, शहर के किस इलाके में कब की जाएगी लोडशेडिंग
फीडर : गोधर सर्किट वन व टू फीडर | लोडशेडिंग : दिन के 11:00 से दोपहर 12:00 बजे, दिन में 2:00 बजे से 3:30 बजे और शाम 7:30 बजे से रात में 8:30 बजे
गोधर सर्किट वन से जुड़े ये इलाके होंगे प्रभावित : भूली, धैया, बरटांड़, सिटी सेंटर, लाहबनी, एलसी रोड, पूजा टॉकिज, कोर्ट मोड़, भिस्तीपाड़ा , बिजली कॉलोनी, हटिया मोड़, ज्ञान मुखर्जी रोड, तेलीपाड़ा, दामोदरपुर, हीरापुर, माडा कॉलोनी, चीरागोड़ा, प्रोफेसर कॉलोनी व नॉर्थ लोको टैंक आदि।
दिन में अधिक रहेगा बिजली संकट
बिजली विभाग ने बताया कि डीवीसी के लोडशेडिंग के कारण दिन में बिजली संकट अधिक होगा। डीवीसी ने दिन के 12 से 3:30 बजे के बीच 2 घंटे के लिए पावर कट करेगा। वहीं, शाम में लोडशेडिंग का समय शाम 7:30 से रात 8:30 बजे होगा।
गोधर सर्किट टू से जुड़े ये प्रभावित होंगे इलाका : बैंक मोड़, पुराना बाजार, मनईटांड़, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, बरमसिया, माड़ी गोदाम, दहुआटांड़, धोवाटांड़, मटकुरिया, अशोक नगर, जोड़ाफाटक व झरिया रोड़ आदि।
लोडशेडिंग से ढाई घंटे अधिक बिजली रहेगी गुल: शहर में पहले से बिजली संकट की स्थिति बनी हुई है। फॉल्ट, सड़क निर्माण व अन्य कारणों से हर दिन शहर में 4 से 5 घंटे बिजली गुल रहती है। अब लोडशेडिंग भी अलग से होगी। ऐसी स्थिति में हर दिन 6 से 8 घंटे पावर कट का सामना करना पड़ेगा।
पानी सप्लाई पर पड़ेगा असर : शहर में पानी सप्लाई व्यवस्था पहले से लडख़ड़ाई हुई है। लोडशेडिंग शुरू होने से स्थिति और खराब हो सकती है। पीएचईडी का कहना है कि लोडशेडिंग का सीधा असर पानी सप्लाई पर पड़ेगा। वन टाइम जलापूर्ति भी मुश्किल हो सकती है।