झमाडा में सुधार के लिए बढ़ाने होंगे आय के स्रोत : एमडी
झमाडा के नए प्रभारी एमडी राजीव रंजन शनिवार सुबह माडा कॉलोनी में आर्थिक तंगी के कारण खुदकुशी करने वाले अरुण कुमार लाल के परिजनों से मिले। उन्हें मदद का आश्वासन दिया।
कहा कि आर्थिक तंगी में किसी कर्मी की मौत दुखद है। संस्थान के मुखिया होने के नाते कर्मियों की स्थिति में सुधार करना मेरा दायित्व है। इसके लिए झमाडा को आय के स्रोत बढ़ाने होंगे। आय का मुख्य स्रोत जलापूर्ति है और इसकी व्यवस्था सुधारी जाएगी। जर्जर पाइपों को बदला जाएगा। शहर में झमाडा की काफी जमीन है। वहां पीपीपी मॉडल पर मार्केट कांप्लेक्स बनाने की योजना बनाई जाएगी। एमडी ने कहा कि मृत कर्मी अरुण के पूरे बकाए का भुगतान जल्द करने की कोशिश की जाएगी। पता चला है कि बेटी की शादी के लिए उन्होंने बैंक से लोन भी लिया था, इस बारे में बैंक प्रबंधन से बात की जाएगी।